भारत की जीत के बाद खुशी में नाटी डालते युवा।
- फोटो : संवाद न्यूज एजेंसी
भारत और दक्षिण अफ्रीका के बीच खेले गए क्रिकेट वर्ल्ड कप फाइनल में भारत की शानदार जीत के बाद शिमला शहर जश्न में डूब गया। जैसे ही टीम इंडिया ने मैच जीतकर वर्ल्ड कप अपने नाम किया लोग सड़कों पर उतर आए और पटाखे फोड़े तथा खुशी जाहिर की। शहर में चारों तरफ खुशी में आतिशबाजी की गई।
शिमला के मालरोड, लक्कड़ बाजार, संजौली, बैम्लोई और ढल्ली इलाकों में प्रशंसकों ने भारत माता की जय के नारे भी लगाए। भारत के विश्व चैंपियन बनने पर शिमला की सड़कों पर देररात तक जश्न का सिलसिला चलता रहा और हर किसी के चेहरे पर मुस्कान बिखरी हुई थी। यह जीत हर भारतीय के लिए गर्व का पल था। बैम्लोई के पास रात करीब 12 बजे युवाओं ने सिरमौरी गानों पर नाटी डाली। युवाओं ने कहा कि इससे बड़ी खुशी कोई नहीं हो सकती। कहा कि आज जमकर जश्न मनाएंगे।
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में भारत की जीत पर टीम इंडिया को बधाई दी. मुख्यमंत्री सुक्खू ने ट्वीट कर लिखा कि
''टीम इंडिया ने कमाल कर दिया। टी-20 विश्वकप चैंपियन की ट्राफी पर INDIA का नाम सुनहरे अक्षरों में दर्ज कराने पर टीम इंडिया को हार्दिक बधाई यह पूरे देश के लिए गौरव का क्षण है।''
हमीरपुर संसदीय क्षेत्र से सांसद एवं पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग ठाकुर ने टीम इंडिया को टी20 वर्ल्ड कप की जीत पर बधाई दी. उन्होंने कहा कि रोहित शर्मा की कप्तानी में भारत ने आईसीसी टी20 वर्ल्ड कप 2024 में शानदार जीत हासिल की है. जिसके लिए सभी टीम मेंबर्स को बधाई.