पहाड़ों में प्राकृतिक रूप से उगने वाली औषधीय गुणों से भरपूर गुच्छी को सब्जियों की तरह अब पॉलीहाउस में भी उगा सकेंगे। खुंब अनुसंधान एवं निदेशालय में गुच्छी के बीज पर चल रहा शोध सफल हो गया है। मशरूम उत्पादकों और किसानों के लिए इसे उगाना सब्जियों जितना आसान होगा। वर्तमान में गुच्छी सिर्फ प्राकृतिक रूप से ही उगती थी। इस बार पॉलीहाउस में गुच्छी का अच्छा आकार में बंपर क्रॉप आई है। इसके अलावा निदेशालय की ओर से प्रदेश के एक साथ तीन तरह के तापमान में शोध चल रहा है। इसमें सबसे ठंडे, मध्यम और उच्च तापमान वाले इलाकों में इसे उगाने की तैयारी है। इसे लेकर खुंब निदेशालय सोलन (डीएमआर) ने पालमपुर, सिरमौर और चौपाल के किसानों को गुच्छी का बीज दिया है।