सिगरेट पीते पकड़े गए शिमला शहर के एक प्राइवेट स्कूल के दो छात्रों ने डर के मारे टॉयलेट क्लीनर पी लिया। इनकी हालत स्थिर बताई जा रही है। दोनों का उपचार आईजीएमसी में चल रहा है। स्कूल प्रबंधन ने पांच छात्रों को सिगरेट पीते पकड़ा था।
दो छात्र घबरा गए और स्कूल के टॉयलेट में जाकर टॉयलेट क्लीनर पी लिया। इससे दोनों की हालत खराब हो गई। इन्हें गंभीर हालत में आईजीएमसी में दाखिल करवाया गया है। इन छात्रों का यहां उपचार चल रहा है।
दोनों छात्रों की हालत खतरे से बाहर बताई जा रही है। एक छात्र की आंतों को अधिक नुकसान हुआ है। चिकित्सक उसे अभी तक खाना खाने की अनुमति नहीं दे रहे हैं। इस छात्र को पाइप के जरिये ही जूस और दूध आदि पिलाया जा रहा है।
दयानंद पब्लिक स्कूल में छुट्टी होने के बाद किसी ने स्कूल के शिक्षकों को सूचना दी कि कुछ छात्र नशा कर रहे हैं। शिक्षकों ने मौके पर पहुंच कर पांच छात्रों को पकड़ा और उन्हें स्कूल लाया गया। यहां उन्हें डांटा गया।
माफीनामा लिखाने पर छात्रों ने पी लिया क्लीनर
स्कूल प्रशासन ने उनके अभिभावकों को बुला कर माफीनामा लिखने को बोला। कुछ अभिभावकों ने इसे लिख दिया, लेकिन कुछ ने ऐसा करने से इनकार कर दिया। डांट खाने के बाद ये दो छात्र स्कूल टॉयलेट में गए और उन्होंने टायलेट क्लीनर पी लिया।
इसके बाद अभिभावकों ने इन दोनों को अस्पताल पहुंचाया। यहां उन्हें उपचार दिया गया और भर्ती कर लिया गया। चिकित्सकों की मानें तो एक की हालत सामान्य हो रही है, मगर इनमें एक की आंतों को अधिक नुकसान हुआ है। इसे ठीक होने में समय लग सकता है। इधर, स्कूल प्रशासन की ओर से शिक्षक भी अस्पताल आकर छात्रों का हाल पूछने पहुंचे हैं।
पढ़िए क्या कहा प्रिंसिपल ने
दयानंद पब्लिक स्कूल प्रधानाचार्य अनुपम का कहना है कि शुक्रवार को छुट्टी के बाद कुछ छात्रों के स्कूल के बाहर वर्दी में सिगरेट पीने की सूचना मिलने पर शिक्षक छात्रों को स्कूल लेकर आए। अभिभावकों को बुलाया गया।
इसी बीच इन दो छात्रों ने टॉयलेट में जाकर कुछ निगल लिया। छात्रों को अभिभावकों के साथ मिलकर अस्पताल पहुंचाया गया। उसके बाद से वे स्वयं और शिक्षक छात्रों को देखने अस्पताल जा रहे हैं। उनका कहना है कि यह हादसा था, जिसमें दोनों छात्र अब खतरे से बाहर है, वे स्वयं चिकित्सकों के संपर्क में है।