विश्व धरोहर कालका शिमला रेलवे ट्रैक पर सोलन रेलवे स्टेशन में चलती ट्रेन पर चढ़ते समय पर्यटक गिर गया। हादसा सुबह 7:30 बजे हुआ। व्यक्ति को हल्की चोटें आई हैं। उपचार के लिए एंबुलेंस की मदद से क्षेत्रीय अस्पताल ले जाया गया। उपचार के बाद व्यक्ति को छुट्टी दे दी गई है। व्यक्ति के गिरने के कारण रेलगाड़ी भी करीब 15 मिनट देरी से शिमला की ओर रवाना हुई।
जानकारी अनुसार व्यक्ति ट्रेन के सोलन रेलवे स्टेशन पर रुकने के बाद नीचे उतरा। इस दौरान ट्रेन को हरी झंडी दिखा दी गई और ट्रेन चल पड़ी। व्यक्ति चलती रेलगाड़ी में चढ़ने की कोशिश करने लगा और प्लेटफार्म पर गिर गया। जैसे ही व्यक्ति गिरा चालक ने देख लिया और आपात ब्रेक लगा दी। उधर, रेलवे स्टेशन अधीक्षक दिनेश शर्मा ने बताया कि व्यक्ति ट्रेन में चढ़ते समय गिर गया। व्यक्ति करीब 40 वर्ष का है और मथुरा से अपने परिवार संग घूमने आया है।