हिमाचल के पहाड़ बर्फबारी से ढक गए हैं। किन्नौर, कुल्लू, चंबा के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बुधवार को भारी बर्फबारी हुई। राजधानी शिमला में बर्फबारी होने का अभी भी इंतजार है। बुधवार को शिमला शहर में दिन भर काले बादल छाए रहे। जबकि प्रदेश के मैदानी क्षेत्रों ऊना, कांगड़ा और हमीरपुर में दिन भर बारिश हुई।
विज्ञापन
ऊंचाई वाले क्षेत्रों में बर्फबारी होने और मैदानी क्षेत्रों में जारी बारिश के चलते प्रदेश में शीतलहर बढ़ गई है। वीरवार को हिमाचल के अधिकांश क्षेत्रों में भारी से बहुत भारी बर्फबारी और बारिश होने की चेतावनी जारी की गई है। रोहतांग दर्रा में चार फीट, कोकसर में तीन फीट, केलांग में डेढ़ फीट, उदयपुर में दो फीट, जलोड़ी दर्रा में एक फीट, सोलंगनाला में एक फीट तक ताजा बर्फबारी रिकार्ड की गई।
मनाली में भी मंगलवार रात को बर्फ के फाहे गिरे हैं। जिला चंबा के पांगी और भरमौर में भी भारी हिमपात जारी है। जबकि निचले इलाकों में लगातार बारिश हो रही है। पांगी में 20 सेंटीमीटर जबकि भरमौर के अधिक ऊंचाई वाले इलाकों में दस से 15 सेंटीमीटर ताजा हिमपात रिकॉर्ड किया गया है।
विज्ञापन
जिला मुख्यालय के पियुहरा गांव में बर्फबारी की चपेट में आने से एक घराट जमींदोज हो गया है। प्रशासन ने सलूणी, तीसा, भरमौर समेत बर्फबारी प्रभावित इलाकों में अलर्ट जारी कर दिया है। उपायुक्त सुदेश मोख्टा ने लोगों को एहतियात बरतने की सलाह दी है।
जनजातीय जिला किन्नौर के ऊंचाई वाले इलाकों में ताजा बर्फबारी और निचले इलाकों में बारिश हो रही है। जिले में छह इंच से लेकर दो फुट तक ताजा हिमपात हुआ है। बुधवार को जिले के कल्पा, सांगला, छितकुल, भावावैली रक्षम, बटसेरी, कुन्नो चारंग, हांगो, लियो, ज्ञाबुंग, लिप्पा, आसरंग, चुलिंग, नेसंग, रोपा वैली, सुन्नम, रूशकुलंग, रिब्बा, रिस्पा, जंगी, लंबर, ठंगी, रूपी, छोटा कंबा सहित जिले के ऊंचाई वाले क्षेत्रों में दोपहर तक बर्फबारी का सिलसिला जारी रहा।
जिला में जारी बर्फबारी के चलते यातायात भी प्रभावित हुआ है। पूह, काजा और शलखर में निगम की बसें बर्फबारी के चलते फंसी हुई है। जिला कांगड़ा में धौलाधार की पहाड़ियों में हिमपात और निचले इलाकों में बारिश हो रही है। छोटा भंगाल की पहाड़ियों में भी हिमपात हुआ है। बर्फबारी के चलते बिजली और पानी की सप्लाई भी प्रभावित हुई है।
प्रदेश में जारी बर्फबारी के बावजूद न्यूनतम तापमान में बढ़ोतरी दर्ज की गई है। मंगलवार रात को केलांग में न्यूनतम तापमान माइनस 0.2, कल्पा में माइनस 1.2, मनाली में 1.0, चंबा में 3.5, मंडी में 4.6, शिमला में 7.6, धर्मशाला में 7.0 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया। बुधवार को शिमला को अधिकतम तापमान 14.6, धर्मशाला में 12.2, ऊना में 19.6, सोलन में 20.0, नाहन में 16.8, सुंदरनगर में 15.0 और भुंतर में 13.6 डिग्री सेल्सियस रिकार्ड किया गया।