पुराने कार्टन में पहुंचा सेब लौटाया, आढ़ती को नोटिस
पराला फल मंडी में सोमवार को पुराने कार्टन (टेलीस्कोपिक) में बेचने के लिए लाया गया सेब बागवान को लौटा दिया गया। सरकार के यूनिवर्सल कार्टन में सेब बेचने के निर्देशों के बाद मंडी के आढ़ती ने इसे खरीदने से इन्कार कर दिया। वहीं जिस आढ़ती ने इसे अपने फड़ पर उतारा था, उसे एपीएमसी ने नोटिस थमा दिया गया। एपीएमसी के अनुसार सोमवार को ऊपरी शिमला से एक बागवान 20 किलो सेब की दो पेटियां लेकर पराला फल मंडी बेचने के लिए पहुंचा। इसे बाद एपीएमसी को इस बात की जानकारी मिलते ही एपीएमसी सचिव देवराज कश्यप ने फल मंडी का निरीक्षण किया।
इसके बाद जिस फड़ पर टेलीस्कोपिक कार्टन में सेब की पेटियां मिलीं, उस फड़ के आढ़ती को नोटिस दे दिया। हालांकि एपीएमसी के अनुसार आढ़ती ने सेब की पेटियों को खरीदने से मना कर दिया था, लेकिन एपीएमसी ने फड़ पर पेटियां उतारने के आधार पर आढ़ती को नोटिस दे दिया। ताकि दोबारा कोई भी आढ़ती टेलीस्कोपिक कार्टन में आने वाली पेटियों को स्वीकार न करें। ऐसे में सेब लेकर पहुंचे बागवान को इसे बिना बेचे ही लौटना पड़ा। एपीएमसी शिमला किन्नौर के सचिव देवराज कश्यप ने कहा कि पराला मंडी से पुराने कार्टन में सेब की पेटियां पहुंचने पर मंडी में पहुंचकर निरिक्षण किया। दोबार यदि किसी आढ़ती के पास पुराने कार्टन (टेलीस्कोपिक) में सेब की पेटियां देखी गईं तो आढ़ती के लाइसेंस और जगह के आवंटन को भी रद्द कर दिया जाएगा।