बिलासपुर के शिक्षक श्याम लाल का चयन नेशनल अवार्ड के लिए हुआ है। उन्हें अवार्ड पांच सितंबर को अध्यापक दिवस के मौके पर विज्ञान भवन में राष्ट्रपति के हाथों दिया जाएगा। श्याम लाल जिला की राजकीय केंद्र पाठशाला डियारा सेक्टर में केंद्र मुख्य शिक्षक के पद पर अपनी सेवाएं दे रहे हैं।
श्याम लाल को यह अवार्ड उनकी बेहतर सेवाओं के लिए दिया जाएगा। उन्हें यह अवार्ड राष्ट्रपति प्रणब मुखर्जी प्रदान करेंगे। मानव संसाधन मंत्रालय एवं स्कूल शिक्षा व साक्षरता विभाग ने श्याम लाल के चयन की सूचना प्रदेश सरकार और श्याम लाल को भेज दी है। श्याम लाल इससे पूर्व वर्ष 2010 में हिमाचल प्रदेश सरकार की ओर से शिक्षक राज्य पुरस्कार से भी नवाजे जा चुके हैं।
वहीं अक्तूबर, 2015 में यूनस्को की ओर से महाराष्ट्र में ग्लोबल टीचर रोल मॉडल अवार्ड से भी श्याम लाल को नवाजा जा चुका है। इसके अतिरिक्त बिलासपुर लेखक संघ, व्यास उत्सव समिति, दिव्य मानव ज्योति संस्थान मंडी, समर्पण सामाजिक संस्था सहित विभिन्न सामाजिक संस्थाएं इन्हें विभिन्न अवार्डों से सम्मानित कर चुकी हैं।
श्याम लाल बिलासपुर जिला की झंडूता तहसील के बड़गांव पंचायत के निवासी हैं। वह बीए, बीएड फिर हिंदी में स्नातकोत्तर और अब पीएचडी कर रहे हैं। वर्ष 1990 से लेकर अब तक साढ़े 26 वर्ष का अध्यापन का अनुभव हो चुका है।
इस कार्य में रहा है मुख्य योगदान
श्याम लाल जिस भी पाठशाला में गए उस पाठशाला में विद्यार्थियों की संख्या बढ़ी। वर्ष 1990 से लगातार अनाथाश्रम डैहर में बच्चों को हर वर्ष उपहार प्रदान करते हैं। स्कूलों में बच्चों को स्वेटर भेंट करना, खेल स्पर्धाओं के दौरान खिलाड़ियों को अपनी जेब से भोजन
करवाना, पौधरोपण करना, खेलकूद प्रतियोगिताओं में स्वयं की निधि से विजेताओं को पुरस्कृत करना, स्कूल भवनों की मरम्मत अपने पैसे से ही करवा देना, स्कूलों को वाटर कूलर देना, स्कूलों की साफ-सफाई के लिए अपनी जेब से खर्च करना, अपनी बच्ची का जन्मदिन अनाथ बच्चों के साथ मनाना, प्रतिवर्ष रक्तदान करना, गरीब कन्याओं की शादी व पढ़ाई के लिए मदद करते आए हैं।