चुनाव पर अड़े कारोबारियों ने बदले सुर
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी में शिमला व्यापार मंडल के चुनाव करवाने पर अड़े कारोबारियों ने अब अपने फैसले पर यूटर्न लेते हुए इसी महीने 31 तारीख को चुनाव करवाने का एलान कर दिया है। दिवाली के त्योहारी सीजन में कारोबार प्रभावित न हो, यह तर्क देकर पहले इस गुट ने दीवाली के बाद चुनाव का फैसला लिया था।
अचानक शुक्रवार को नाराज धड़े की ओर से गठित चुनाव कमेटी ने न सिर्फ बैठक कर अपनी कमेटी का गठन किया, बल्कि चुनाव शेड्यूल भी जारी कर दिया। इस धड़े का तर्क है कि उपचुनाव को देखते हुए इसी महीने चुनाव करवाने का फैसला लिया है। चुनाव के लिए नामांकन पत्र सात अक्तूबर से मिलना शुरू हो जाएंगे।
कारोबारी दो सौ रुपये देकर मिडल बाजार के कारोबारी रविंद्र सूद से यह नामांकन पत्र हासिल कर सकते हैं। नामांकन पत्र 11 से 13 अक्तूबर शाम छह बजे तक जमा हो सकेंगे। इसकी छंटनी 14 अक्तूबर को होगी। 16 अक्तूबर तक कारोबारी नामांकन वापस ले सकेंगे। 31 अक्तूबर को सुबह दस से शाम पांच बजे तक जैन हाल परिसर में मतदान किया जाएगा।
चुनाव कमेटी अध्यक्ष रमेश चोजड़ की अध्यक्षता में हुई बैठक में नए सदस्यों को भी कमेटी में शामिल किया है। इसमें मुकेश शारदा, रविंद्र सूद, तरुण गुप्ता, उमेश सूद, रवि राणा, सुशील सूद, योगेंद्र चंदेल, मनु अग्रवाल, रवि चौधरी, विनोद खन्ना, संदीप शर्मा, कुलभूषण सूद, सतवीर और राजीव पंडित को शामिल किया है। कमेटी का कहना है कि कारोबारी लोकतांत्रिक चुनाव चाहते हैं, इसलिए चुनाव करवाए जा रहे हैं।
दावेदार न होने से एकतरफा हो सकता है चुनाव
नाराज धड़े ने चुनाव का एलान तो कर दिया लेकिन शहर के कारोबारियों का एक धड़ा अब भी हरजीत मंगा की अगुवाई वाले शिमला व्यापार मंडल के साथ है। अब जो चुनाव करवाए जा रहे हैं, उसमें संजीव ठाकुर अध्यक्ष पद के दावेदार हैं। लेकिन इनके मुकाबले में न तो कंवलजीत मैदान में होंगे और न ही पूर्व अध्यक्ष इंद्रजीत सिंह। दोनों के चुनाव लड़ने की उम्मीद न के बराबर है। ऐसे में यह चुनाव एकतरफा हो सकता है। उधर, कारोबारी असमंजस में है। चुनाव में हिस्सा लें या नहीं, इस पर मतदान के दिन ही फैसला होगा।