केंद्रीय मंत्री पीयूष गोयल ने शिमला के कालीबाड़ी मंदिर में पूजा-अर्चना की।
- फोटो : अमर उजाला
केंद्रीय खाद्य आपूर्ति मंत्री पीयूष गोयल शनिवार को पीटरहाफ से प्रधानमंत्री गरीब जनकल्याण अन्न योजना के छह जिलों के छह लाभार्थियों से वर्चुअली संवाद करेंगे। इसमें शिमला, मंडी, बिलासपुर, चंबा, हमीरपुर और कांगड़ा जिला शामिल है। शुक्रवार को केंद्रीय मंत्री हिमाचल पहुंच गए हैं। शनिवार को कार्यक्रम 11 बजे से शुरू होगा। करीब 2 बजे तक चलेगा। इसके बाद इस योजना को लेकर वह हिमाचल के मुख्य सचिव के साथ बैठक करेंगे। उल्लेखनीय है कि यह योजना नवंबर तक है। इसकी तिथि भी बढ़ाई जा सकती है। विधायक अपने-अपने विधानसभा क्षेत्र के किसी एक स्थान से समारोह में शामिल होंगे। जिन खंडों में पंचायती राज संस्थाओं के उपचुनाव के कारण आदर्श आचार संहिता लागू की गई है, वहां समारोह नहीं होगा। प्रदेशभर के सभी प्रमुख स्थानों पर 140 एलईडी स्क्रीन लगाई जाएंगी।
जिला, उपमंडल, खंड, पंचायत और उचित मूल्य की दुकान स्तर पर भी इस कार्यक्रम का प्रसारण वर्चुअल माध्यम से होगा। जिला मुख्यालय, उपमंडल, खंड, पंचायत और उचित मूल्य की दुकानों के स्तर पर भी समारोह होंगे। इसमें कुछ लाभार्थियों को राशन बैग भी उपलब्ध करवाए जाएंगे। हिमाचल प्रदेश में राष्ट्रीय खाद्य सुरक्षा अधिनियम (एनएफएसए) के तहत 7.18 लाख से अधिक राशन कार्डधारक शामिल हैं, जो लगभग 29 लाख से अधिक आबादी को कवर कर रहा है, जिन्हें अक्तूबर 2021 के अंत तक मुफ्त राशन बैग देंगे। शुक्रवार को मुख्य सचिव रामसुभग सिंह और खाद्य आपूर्ति सचिव सीपाल रासू ने पीटरहाफ जाकर तैयारियों का जायजा लिया। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने भी शनिवार को होने वाले कार्यक्रम की उन्हें जानकारी दी।