फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

शिमला: सांगटी में तीन मंजिला मकान में आग, छह कमरे राख

Sat, 13 Nov 2021 05:54 PM IST
अरविन्द ठाकुर अमर उजाला ब्यूरो, शिमला

सार

आग लगने के समय मकान मालिक अनिल शर्मा अपने परिवार सहित घर से कहीं बाहर गए हुए थे। बताया जा रहा है अनिल शर्मा निजी स्कूल में शिक्षक हैं और वह अपनी बेटी को छोड़ने चंडीगढ़ जा रहे थे। सोलन पहुंचने पर उन्हें घटना की सूचना मिली।
विज्ञापन
आग बुझाने में जुटे अग्निशमन विभाग के कर्मचारी। - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

राजधानी शिमला के संजौली इंजनघर के साथ लगते सांगटी के विद्या भवन में एक तीन मंजिला मकान की पहली मंजिल में शनिवार सुबह 10:20 बजे अचानक आग लग गई। अग्निकांड में छह कमरे राख हो गए। आग लगने के कारणों का अभी तक पता नहीं चल पाया है। अग्निशमन विभाग की टीम के मौके पर पहुंचने तक सांगटी और इंजनघर वार्ड के करीब सौ लोगों ने घरों से पानी ढोकर आग की लपटों को शांत करने के लिए निरंतर प्रयास किए।

विज्ञापन


आग लगने के समय मकान मालिक अनिल शर्मा अपने परिवार सहित घर से कहीं बाहर गए हुए थे। बताया जा रहा है अनिल शर्मा निजी स्कूल में शिक्षक हैं और वह अपनी बेटी को छोड़ने चंडीगढ़ जा रहे थे। सोलन पहुंचने पर उन्हें घटना की सूचना मिली। आग की लपटें और धुआं इतना अधिक था कि बचाव दल को भी आग बुझाने में मुश्किल हुई। 

सुबह 10:20 बजे अग्निशमन विभाग को आग लगने की सूचना मिलने पर छोटा शिमला से बचाव दल वाहन के साथ मौके पर पहुंचा। कर्मचारियों ने सबसे पहले स्थानीय लोगों की मदद से दूसरी मंजिल में रखे रसोई गैस के तीन सिलिंडरों को बाहर निकाला, जिससे बड़ा हादसा होने की संभावनाएं कम हो गईं। यदि सिलिंडर फटता तो सांगटी के कई घर चपेट में आ सकते थे। माल रोड से भी बचाव दल अग्निशमन वाहनों के साथ पहुंच गया। 
विज्ञापन


घटनास्थल तक सड़क की सुविधा न होने के कारण मुख्य अग्निशमन अधिकारी जेसी शर्मा के मार्गदर्शन में छोटा शिमला फायर स्टेशन ऑफिसर भगत राम ठाकुर और माल रोड फायर स्टेशन के अग्निशमन अधिकारी टेक चंद की अगुवाई में जवानों ने पूरी योजना के साथ नवबहार सड़क पर तीन वाटर टेंडर खड़े कर वहां से लंबी पाइप लाइन जोड़कर दोनों ओर से आग बुझाने का कार्य किया। इस दौरान अफरा-तफरी का माहौल बना हुआ था। इंजनघर वार्ड की पार्षद आरती चौहान भी इस दौरान डटी रहीं। जेसी शर्मा ने बताया कि घटना में छह कमरों सहित करीब बीस लाख का समान जल गया, जबकि दो कमरे और दूसरी मंजिला और धरातल मंजिल को सुरक्षित बचा लिया गया। उन्होंने कहा कि स्थानीय लोगों ने आग बुझाने में बहुत मदद की। 

सड़क होती तो जल्दी बुझ जाती आग 
सांगटी के लिए सड़क की सुविधा न होने के कारण वाटर टेंडर को सिर्फ इंजनघर और नवबहार सड़क पर खड़े कर ही लाइन जोड़नी पड़ी। स्थानीय लोगों ने मांग उठाई कि इस वार्ड में कम से कम एक एंबुलेंस रोड का निर्माण किया जाए, जिससे ऐसी घटनाओं के दोबारा होने पर समय से राहत एवं बचाव कार्य किए जा सकें। 

स्थानीय लोगों ने की अग्निशमन विभाग की सराहना 
आग की इस बड़ी घटना की सूचना मिलने के चंद मिनटों में ही अग्निशमन विभाग की दोनों स्टेशन से पहुंचीं टीमों और उनकी ओर से किए गए बचाव कार्यों की मौजूद लोगों ने खूब सराहना की। लोगों का कहना था कि सड़क से दूरी होने पर भी जवानों ने आपसी तालमेल बनाते हुए महज एक घंटे में आग को शांत करने में सफलता हासिल की।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें