हिमाचल प्रदेश के स्कूल और कॉलेजों को नए शैक्षणिक सत्र से पहले 2251 नए शिक्षक मिलेंगे। कला और शारीरिक शिक्षकों की बैचवाइज भर्ती का जिलावार एकसाथ परिणाम घोषित होगा। सभी जिलों में काउंसलिंग पूरी हो चुकी है। कॉलेजों में असिस्टेंट प्रोफेसरों की भर्ती के लिए शिक्षा विभाग ने लोकसेवा आयोग को ऑनलाइन प्रस्ताव भेजा है। इस भर्ती का विज्ञापन जल्द जारी होगा।
कला और शारीरिक शिक्षकों के 845 पदों पर सीधी भर्ती की तैयारी में कर्मचारी चयन आयोग हमीरपुर जुट गया है। सरकार ने फरवरी और मार्च 2022 तक ये पद भरने का लक्ष्य रखा है। मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने चार हजार शिक्षकों की भर्ती की बजट में घोषणा की थी। प्रारंभिक शिक्षा निदेशालय में 2640 और उच्च शिक्षा निदेशालय में 1360 शिक्षकों के पद भरे जाने हैं।
कला शिक्षकों के 820, शारीरिक शिक्षकों के 870 और असिस्टेंट प्रोफेसरों के 561 पद भरने की प्रक्रिया तेज हो गई है। कला और शारीरिक शिक्षकों की बैचवाइज काउंसलिंग पूरी हो चुकी है। टीजीटी नॉन मेडिकल के 87, शास्त्री के 53, आचार्य संस्कृत के 16, जेएलए के 100, तबलावादक के 100, जेओए लाइब्रेरी के 235, स्कूल प्रवक्ता के 214, डीपीई के 74 और योगा शिक्षक के 60 पद भरने की प्रक्रिया भी जारी है।
जेबीटी के 810 पदों की भर्ती पर अभी संशय
स्कूलों में जेबीटी के 810 पदों की भर्ती पर अभी संशय है। हाईकोर्ट तक मामला पहुंचने से शिक्षा विभाग ने भर्ती प्रक्रिया पर विराम लगा दिया है। जेबीटी भर्ती में बीएड डिग्री वालों को भी हाईकोर्ट ने पात्र माना है। इस फैसले के खिलाफ अब पुनर्विचार याचिका दायर करने या सुप्रीम कोर्ट में मामले को चुनौती देने का विचार चल रहा है।
नायब तहसीलदार के बीस पद भरने को 27 तक होंगे आवेदन
राज्य लोकसेवा आयोग ने राजस्व विभाग में नायब तहसीलदार (क्लास टू) के बीस पद भरने के लिए आवेदन मांगे हैं। आवेदक 27 जनवरी तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। 21 से 45 वर्ष आयु वाले इसके लिए पात्र हैं। स्नातक डिग्री न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता रखी गई है। शिमला, मंडी, सुंदरनगर, कांगड़ा, धर्मशाला, पालमपुर, सोलन, ऊना, नाहन, बिलासपुर, कुल्लू, चंबा, हमीरपुर, रिकांगपिओ, केलांग में परीक्षा होगी। सामान्य श्रेणी सहित अन्य राज्यों के आवेदकों को 400 रुपये फीस चुकानी होगी। आरक्षित वर्ग के आवेदकों से 100 रुपये फीस ली जाएगी।