पश्चिमी विक्षोभ की सक्रियता से शनिवार रात से प्रदेश के मौसम में बदलाव आएगा। एक से चार जनवरी तक प्रदेश के मध्य और उच्च पर्वतीय जिलों में बारिश और बर्फबारी का पूर्वानुमान है। मैदानी जिलों में तीन जनवरी तक मौसम साफ रहने की संभावना है। चार जनवरी को मैदानी क्षेत्रों ऊना, बिलासपुर, हमीरपुर और कांगड़ा में मौसम बिगड़ने के आसार हैं।
वर्ष 2021 के आखिरी दिन शुक्रवार को प्रदेश भर में धूप खिली। मौसम साफ रहने से ठंड से कुछ राहत मिली। शुक्रवार को बिलासपुर में अधिकतम तापमान 22.5, ऊना 21.6, हमीरपुर 21.0, सुंदरनगर 20.5, सोलन 20.0, कांगड़ा 19.1, भुंतर 18.3, धर्मशाला 18.2, चंबा 17.6, शिमला 12.4, डलहौजी 8.4, केलांग 7.2 और कल्पा में 6.7 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ।
सामान्य से 60 फीसदी कम बरसे बादल
प्रदेश में दिसंबर के दौरान सामान्य से 60 फीसदी कम बारिश रिकॉर्ड हुई। वर्ष 2020 में सामान्य से 20 फीसदी कम, वर्ष 2019 में 15 फीसदी अधिक, 2018 में 83 फीसदी कम, 2017 में 6 फीसदी अधिक और 2015 में 40 फीसदी कम बारिश हुई थी। इस वर्ष पोस्ट मानसून सीजन के दौरान अक्तूबर से दिसंबर तक प्रदेश में सामान्य से 18 फीसदी कम बारिश हुई।
दिसंबर में मात्र चार दिन ही हुई बर्फबारी
इस वर्ष दिसंबर में प्रदेश में सिर्फ चार दिन ही बर्फबारी हुई। तीन, सात, 17 और 18 दिसंबर को लाहौल-स्पीति, कुल्लू, शिमला, चंबा और किन्नौर जिले के कुछ क्षेत्रों में बर्फ गिरी। सबसे अधिक बर्फबारी कोकसर में 61 सेंटीमीटर छह दिसंबर को रिकॉर्ड हुई। इस माह चार, छह, सात और 27 दिसंबर को प्रदेश में बारिश भी हुई। सबसे अधिक बारिश मनाली में 24 मिलीमीटर हुई।
क्षेत्र न्यूनतम तापमान (डिग्री सेल्सियस में)
केलांग - 10.7
कल्पा - 3.4
मनाली - 2.0
सोलन - 0.2
भुंतर 0.0
कुफरी 0.8
चंबा 1.5
धर्मशाला 2.2
शिमला 2.3