पूर्व मुख्यमंत्री एवं भाजपा सांसद शांता कुमार ने पार्टी के पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं को नसीहत देते हुए कहा कि ‘मैं और मेरा छोड़कर पार्टी और नरेंद्र मोदी के हाथ मजबूत करें’। नोटबंदी से भ्रष्टाचार पर ऐतिहासिक चोट की गई है। देश में भ्रष्टाचार की जड़ें बहुत गहरी हैं।
इस गहरे भ्रष्टाचार को मिटाने के लिए चोट भी गहरी हुई है और होती रहेगी। देश की बागडोर संभालने के बाद प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कहा था कि उनकी सरकार गरीबों के लिए समर्पित होगी और अपने कहे पर वह खरा उतर रहे हैं।
अमीर और गरीब के अंतर को मिटाने का कार्य मोदी सरकार कर रही है। नोटबंदी की चोट से देश के माथे पर लगा भ्रष्टाचार का कलंक का टीका मिटने वाला है। शांता वीरवार को भाजपा प्रदेश कार्यकारिणी के अंतिम सत्र की बैठक में बोल रहे थे। उन्होंने कहा कि कांग्रेसी केवल विरोध की राजनीति कर रहे हैं। आज प्रधानमंत्री का कोई व्यक्तिगत एजेंडा नहीं है और न ही कोई व्यक्तिगत परिवार।
वह भ्रष्टाचार को मिटाने के लिए कड़ी मेहनत कर रहे हैं और नोटबंदी के पश्चात भ्रष्टाचार पर और भी कड़े प्रहार होंगे इसलिए पार्टी को इतना मजबूत करने की आवश्यकता है कि कोई आंख उठाकर न देखे। उन्होंने कहा कि कांग्रेस के पास न तो कोई नेता है और न ही नीयत है। कांग्रेस एक कमजोर पार्टी है।