राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता इंद्रेश कुमार।
- फोटो : संवाद
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के नेता इंद्रेश कुमार ने कहा कि भारत में आतंकवाद, नक्सलवाद, धर्मांतरण को बढ़ावा देने की वाली ताकतों की कोई मदद करता है तो देश की जनता ऐसी ताकतों का मुकाबला करने में सक्षम है। आतंकवाद, नक्सलवाद, मानवता के शत्रु हैं और विकास व शांति के बाधक हैं, इसलिए प्रदेश सरकारों और भारत सरकार से आग्रह है कि आतंकियों और नक्सलियों को आयरन हैंड डीलिंग मिलनी चाहिए।
आज भारत पूरी दुनिया का नेतृत्व कर रहा है। धर्मशाला में आरएसएस के स्थापना दिवस और विजयदशमी पर स्वयंसेवकों को मार्ग दर्शन करने के बाद आरएसएस नेता इंद्रेश कुमार ने यह बात कही। उन्होंने कहा कि कि भारत के इंच-इंच और जन-जन की रक्षा करेंगे। हम नक्सलवाद, माओवाद और आतंकवाद से आंतरिक तौर पर निपटने में सफल रहे हैं। देश की सीमाओं पर हमारी सेनाएं सुदृढ़ हैं। बलिदान देंगे, पर एक इंच नहीं जाने देंगे, जन को मरने नहीं देंगे। उन्होंने कहा कि आरएसएस के शताब्दी वर्ष पर संघ का नेटवर्क हर गांव व हर घर तक पहुंचे, इस पर कार्य करेंगे।
भारत को संकुचित और संप्रदायी कहना, अज्ञान, अत्याचार और अन्याय है, ऐसा नहीं करना चाहिए। इंद्रेश कुमार ने कहा कि देश में मुस्लिम और इसाई जो हैं उनमें 98 से 99 फीसदी कन्वर्टी हैं, उनके पूर्वजों, जाति-गोत्र पर जाएं तो सभी भारतीय हिंदू दिखाई देते हैं। इसका एहसास उन्हें होना शुरू हो गया है। हाल ही में आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत जब मौलाना के घर, मस्जिद में गए तो उस दौरान कहा गया कि मुसलमानों को मुसलमान नहीं, बल्कि भारतीय हिंदुस्तानी के तौर पर डील किया जाए।