मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर ने कहा कि सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण रोहतांग टनल को टूरिस्ट प्वाइंट बनाया जाएगा। सोलंगनाला में सैलानी अपना वाहन खड़ा कर सरकारी बस से रोहतांग टनल का दीदार कर सकेंगे।
सीएम ने कहा कि नौ किलोमीटर लंबी टनल को देखने के लिए एक तरफ 15 से 20 मिनट का समय लगता है। टनल के दूसरी ओर सिस्सू पहुंचकर पर्यटक मनमोहक नजारों का आनंद ले सकते हैं। 25 दिसंबर को रोहतांग टनल के उद्घाटन का लक्ष्य रखा गया है।
लेकिन टनल के बीच में आने वाले सेरी नाले के कारण कार्य प्रभावित हुआ है। इससे टनल के कार्य को समय लग रहा है। उन्होंने कहा कि कुल्लू-मनाली और कांगड़ा हवाई अड्डे को बड़ा करने के लिए प्रक्रिया जारी है। जल्द ही हवाई अड्डों का विस्तार होगा।
मंडी में बड़ा हवाई अड्डा बनाने का प्रस्ताव और सर्वे तैयार कर भेजा जा चुका है। जैसे ही इसे मंजूरी मिलती है तो हिमाचल में एयर कनेक्टिविटी का काफी हद तक समाधान मिलेगा।
हिमाचल की भलाई और विकास के लिए प्रदेश सरकार द्वारा इन्वेस्टर मीट शुरू की गई है। इससे युवाओं के लिए रोजगार के साधन मुहैया होंगे। उन्होंने कहा कि प्रदेश ही नहीं, प्रदेश के बाहर के लोग भी इसमें दिलचस्पी दिखा रहे हैं।