नई दिल्ली एम्स की तर्ज पर मिलेगा अब उपचार
42 करोड़ के उपकरणों से सुसज्जित हो रहा संस्थान
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। अटल सुपर स्पेशलिटी अस्पताल चमियाना में प्रस्तावित पहली रोबोटिक सर्जरी स्थगित कर दी है। यह सर्जरी 7 अगस्त को होनी थी लेकिन मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू व्यस्तता के चलते अस्पताल में नहीं पहुंच पाए। यह प्रदेश की पहली रोबोटिक सर्जरी थी इसलिए इसकी शुरुआत मुख्यमंत्री की उपस्थिति में करने की योजना थी। अब इस सर्जरी की नई तारीख जल्द तय की जाएगी।
हालांकि इस स्थगन का तकनीकी या संस्थान की तैयारियों से कोई संबंध नहीं है। रोबोटिक सर्जरी की सभी व्यवस्थाएं पूरी हैं और मशीन संचालन के लिए विशेषज्ञ डॉक्टरों की टीम भी प्रशिक्षित हो चुकी है। डॉ. अनंत कुमार के नेतृत्व में यह सर्जरी की जानी है, जो दा विंची इलेवन रोबोटिक सर्जिकल सिस्टम को संचालित करेंगे। नई दिल्ली एम्स की तर्ज पर चमियाना संस्थान में आधुनिक चिकित्सा सेवाएं प्रदान करने की दिशा में ठोस प्रयास किए जा रहे हैं। यहां मरीजों को विशेषज्ञ डॉक्टरों, उन्नत तकनीक और विश्वस्तरीय उपचार सुविधाओं के साथ उपचार मिलेगा। संस्थान में 42 करोड़ रुपये की लागत से अत्यधुनिक चिकित्सा उपकरण स्थापित किए जा रहे हैं। इनमें 29 करोड़ रुपये की लागत की रोबोटिक सर्जरी मशीन भी शामिल है। इसके अलावा यूरोलॉजी, रीनल ट्रांसप्लांट, काॅर्डियोलॉजी, न्यूरोसर्जरी, पीडियाट्रिक सर्जरी, सीटीवीएस, प्लास्टिक सर्जरी, गेस्ट्रोइंटेस्टाइनल और कार्डियक एनेस्थीसिया जैसे विभागों के लिए उच्च स्तरीय उपकरण खरीदे जा रहे हैं।
रोबोटिक सर्जरी की सुविधा के शुरू होते ही यह संस्थान प्रदेश में जटिल और संवेदनशील ऑपरेशनों के लिए एक प्रमुख केंद्र बनकर उभरेगा। इसके माध्यम से न केवल ऑपरेशन की सटीकता बढ़ेगी बल्कि मरीजों की रिकवरी अवधि भी कम होगी। नई तिथि की घोषणा होते ही यह ऐतिहासिक सर्जरी कर स्वास्थ्य क्षेत्र में एक नई शुरुआत की जाएगी।