अस्पताल प्रबंधन से किया जल्द समाधान करने का आग्रह
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। इंदिरा गांधी मेडिकल कॉलेज एवं अस्पताल (आईजीएमसी) में तकनीकी अव्यवस्थाओं का सिलसिला थमने का नाम नहीं ले रहा। आईजीएमसी में बुधवार को लगातार दूसरे दिन भी डी-ब्लॉक की एक्स-रे मशीन खराब रही। इससे मरीजों को भारी परेशानियों का सामना करना पड़ा। पहले से ही बंद पड़ी सीटी स्कैन मशीन के कारण दबाव झेल रहे अस्पताल में अब एक्स-रे सुविधा भी सीमित हो गई है।
डी-ब्लॉक की मशीन बुधवार सुबह से ही काम नहीं कर रही थी। यह मशीन मंगलवार को खराब हो गई थी। इससे सबसे ज्यादा परेशानी ऑर्थोपेडिक विभाग के मरीजों को हो रही है, जिन्हें हर बार सीढ़ियां चढ़कर इमरजेंसी या बी ब्लॉक में लगी एक्सरे मशीनों पर एक्सरे करवाने भेजा जा रहा था। कई बुजुर्ग, घायल और प्लास्टर लगे मरीजों को बार-बार वार्ड बदलने में कठिनाई हो रही है। इमरजेंसी में पहले ही सीटी स्कैन और एक्स-रे के लिए मरीजों की भीड़ लगी रहती है, ऐसे में जगह और स्टाफ की कमी के कारण और मरीजों के आने से अब घंटों इंतजार करना पड़ रहा है।
बिलासपुर से अपने बेटे का उपचार करवाने आई रीना देवी ने बताया कि वह सुबह 8 बजे से लाइन में लगी हैं, लेकिन अब तक नंबर नहीं आया। ठियोग से आए रमेश ठाकुर ने कहा कि उन्हें दो बार डी-ब्लॉक से इमरजेंसी भेजा गया लेकिन वहां भी जांच नहीं हो पाई। आईजीएमसी में एक के बाद एक जांच मशीनों का बंद होना अस्पताल की व्यवस्थाओं पर सवाल खड़े कर रहा है।