भारी बारिश के बीच आईएसबीटी टूटीकंडी को जाने वाली सड़क का एक बड़ा हिस्सा क्रॉसिंग के पास गिर गया है। इससे आईएसबीटी के लिए बसों की आवाजाही ठप हो गई है। सड़क के साथ यहां स्थित पुलिस गुमटी भी मलबे के साथ नीचे गिर गई है। इसमें गुमटी में पुलिस जवानों के सामान और कंप्यूटर भी मलबे में दब गया।
क्रॉसिंग पर सड़क ढहने से न्यू बस स्टैंड (आईएसबीटी) के लिए वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया है। डेढ़ लाख की कीमत से हाल ही में पुलिस महकमे की ओर से यहां गुमटी का निर्माण किया गया था। घटना के समय गुमटी में कोई पुलिस वाला नहीं था। वह सड़क पर ट्रैफिक कंट्रोल में व्यस्त था। हादसे में किसी के घायल होने की सूचना नहीं है।
सड़क के साथ लगती भूमि पर पर्यटन विभाग बहुमंजिला पार्किंग का निर्माण कर रहा है। पार्किंग निर्माण के लिए हो रही अधिक खुदाई को सड़क ढहने का कारण बताया जा रहा है। शिमला शहर का सबसे मुख्य प्वाइंट ढहने से बाहरी राज्यों से न्यू आईएसबीटी के लिए कोई बस नहीं आई।
अब सभी गाड़ियां सर्कुलर रोड से गुजरेंगी। इससे सर्कुलर रोड पर ट्रैफिक बढ़ गया है। बाईपास ढहने से न्यू बस स्टैंड, लालपानी, टूटीकंडी की ओर आने जाने वाले वाहनों की आवाजाही सर्कुलर रोड से चलाई गई है। वहीं सड़क ढहते ही पुलिस प्रशासन, लोक निर्माण विभाग और एनएच विंग के अधिकारी मौके पर पहुंचे और मौके का जायजा लिया।
सर्कुलर रोड पर रेंगते रहे वाहन
टूटीकंडी क्रॉसिंग पर सड़क ढहने के तुरंत बाद आईएसबीटी सड़क पर वाहनों की आवाजाही पर प्रतिबंध लगा दिया गया था। वाहनों की आवाजाही सर्कुलर रोड से की गई।
पहले से ही तंग सड़क और उसके साथ बाईपास सड़क का ट्रैफिक डायवर्ट होने से सड़क पूरी तरह से जाम हो गई। सड़क पर वाहन रेंग रेंग कर चलते रहे। हालांकि ट्रैफिक जवान ट्रैफिक को सुचारु रूप से चलाने के लिए सड़क के चप्पे चप्पे पर तैनात हैं।
15 किमी अतिरिक्त सफर तय करने के बाद पहुंचे घर
सड़क ढहने से टूटीकंडी, फागली, लालपानी, न्यू बस स्टैंड और उसके आसपास के क्षेत्र के लोग 15 किलोमीटर का अतिरिक्त सफर तय करने के बाद अपने घर पहुंचे।
क्षेत्र के लोग और स्कूल, कॉलेज जाने वाले छात्रों को घर पहुंचने मेें दिक्कतों का सामना करना पड़ा। लोगों को ओल्ड बस स्टैंड से पहले खलीणी और वहां से बाईपास होते हुए आईएसबीटी, फागली पहुंचना पड़ रहा है।
ओल्ड बस स्टैंड से चलीं चंडीगढ़, दिल्ली, हमीरपुर रूट पर बसें
टूटीकंडी क्रॉसिंग पर सड़क ढह जाने के बाद चंडीगढ़, दिल्ली, हमीरपुर, मंडी सहित अन्य रूटों पर ओल्ड बस स्टैंड से बसों का संचालन किया गया। सड़क बंद होने से पहले जो बसें आईएसबीटी में थीं। उन्हें बाईपास होते हुए खलीनी, हिमलैंड से ओल्ड बस स्टैंड होते चलाया गया। शुक्रवार को भी बसों की आवाजाही प्रभावित रहेगी।
एचआरटीसी के क्षेत्रीय प्रबंधक देवासेन नेगी ने बताया कि यात्रियों की सुविधा के लिए बसों का संचालन करने के लिए टंपरेरी अरेंजमेंट कर दिया गया है। आईएसबीटी से ऊपरी शिमला के लिए बसें बाईपास, खलीनी, छोटा शिमला संजौली होते रवाना की जाएगी।
चंडीगढ़, दिल्ली, हमीरपुर, मंडी रूट पर बसें ओल्ड बस स्टैंड से चलाई जाएंगी। इन रूटों से ऊपरी शिमला के लिए जाने वाली बसें लक्कड़ बाजार बस स्टैंड होते रवाना होगी। प्रशासन ने शुक्रवार शाम तक व्यवस्था यथावत शुरू करने का दावा किया है।