एचआरटीसी बस में सवार किसी यात्री को चोट नहीं आई
हादसे में एचआरटीसी बस में सवार किसी यात्री को चोट नहीं आई है। पुलिस के अनुसार लाल रंग की कार में सवार चार लोग आईजीएमसी अस्पताल से चेकअप करवाने के बाद घर लौट रहे थे। घंडल के पास पहुंचे तो सामने से आ रही एचआरटीसी बस से उनकी कार की टक्कर हो गई। बस घंडल से शिमला की ओर आ रही थी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और कार सवार लोग उसमें फंस गए। मौके पर मौजूद लोगों ने किसी तरह उन्हें कार से बाहर निकाला। इसके बाद घायलों को आईजीएमसी अस्पताल पहुंचाया गया। एएसपी मेहर पंवार ने बताया कि हादसे में तीन लोगों की मौत हुई है। बालूगंज थाना पुलिस ने हादसे के कारणों की जांच शुरू कर दी है।
आईजीएमसी अस्पताल पहुंचे परिजन
हादसे की सूचना मिलते ही मृतकों के परिजन वीरवार शाम आईजीएमसी अस्पताल पहुंच गए। घायल मनीश के चाचा दिनेश कुमार ने बताया कि सभी लोग स्वास्थ्य जांच के लिए आईजीएमसी अस्पताल आए थे। चेकअप के बाद सभी वापस घर लौट रहे थे। इसी दौरान यह हादसा हो गया। उन्हें करीब 2:00 बजे हादसे की सूचना मिली। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों का निरीक्षण किया है। तीनों मृतकों के शव आईजीएमसी शिमला में रखे गए हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव शुक्रवार को परिजनों को सौंपे जाएंगे।