शिमला में घंडल के पास में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की माैत हो गई है। टक्कर के बाद एक पुरुष व महिला की मौके पर ही माैत हो गई। जबकि एक अन्य महिला ने आईजीएमसी शिमला में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया।
हिमाचल प्रदेश की राजधानी शिमला में घंडल के पास में गुरुवार को दर्दनाक सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन लोगों की माैत हो गई है। जानकारी के अनुसार नेशनल हाईवे-205 पर घंडल में एचआरटीसी की बागीपुल से शिमला आ रही एक इलेक्ट्रिक बस और कार में भीषण टक्कर हो गई। हादसे के समय कार में कुल चार लोग(दो पुरुष व दो महिलाएं) सवार थे। टक्कर के बाद एक पुरुष व महिला की मौके पर ही माैत हो गई। जबकि एक अन्य महिला ने आईजीएमसी शिमला में उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। हादसे में एक व्यक्ति घायल है। हादसा दोपहर करीब एक बजे हुआ। हालांकि, बस में सवार किसी भी यात्री को चोटें नहीं आई हैं। सभी मृतक सोलन जिले के अर्की के बताए जा रहे हैं।
विज्ञापन
हादसे के कारणों का नहीं हुआ खुलासा
फिलहाल हादसे के कारणों का पता नहीं चल पाया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। दोपहर को पुलिस चौकी धामी में घंडल के समीप एचआरटीसी बस व एक कार में टक्कर की सूचना प्राप्त मिली थी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और हादसे के संबंध में तस्दीक की गई।