हिमाचल प्रदेश कांग्रेस में बड़े स्तर पर फेरबदल होने जा रहा है। प्रदेश, जिला, ब्लॉक कार्यकारिणियों में कई नए चेहरे शामिल करने की तैयारी हैं। कई निष्क्रिय पदाधिकारियों पर गाज गिर सकती है।
इस फेरबदल के लिए आलाकमान की मंजूरी का इंतजार किया जा रहा है। प्रदेश कांग्रेस कमेटी के निष्क्रिय विभागों को जल्दी भंग किया जा सकता है। इन विभागों की संख्या लगभग एक दर्जन है।
इनके अलावा प्रदेश कांग्रेस कमेटी में महासचिव, उपाध्यक्ष, सचिव जैसे पदों से भी कुछ पदाधिकारियों को हाथ धोना पड़ सकता है। इनमें से कुछ की निष्क्रिय रहने की शिकायतें हैं।
इसी तरह से कई जिला अध्यक्षों और ब्लॉक अध्यक्षों को भी पदों से हटाया जा सकता है। ब्लॉक स्तर पर कार्यकारिणियों में फेरबदल की प्रक्रिया जारी है। ऊपरी स्तर पर भी कार्रवाई हो सकती है।
हाल ही में कांग्रेस प्रदेशाध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने सोनिया, राहुल और कांग्रेस के अन्य राष्ट्रीय नेताओं से बैठकें कर पार्टी संगठन में सक्रिय पदाधिकारियों का जोड़ने पर बात की है।
कांग्रेस प्रवक्ता नरेश चौहान ने कहा है कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी को राज्य, जिला और ब्लॉक स्तर पर मजबूत बनाया जा रहा है। इसके लिए कुछ बदलाव भी किए जा रहे हैं।