शिमला में 120, दिल्ली में 160 रुपये किलो बिका
सूखे की मार के बावजूद बागवानों को मिल रहे बढ़िया रेट
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। रेड ब्यूट प्लम ने मार्केट में दस्तक दे दी है। शिमला की भट्ठाकुफर फल मंडी में मंगलवार को रेड ब्यूट प्लम 120 रुपये किलो जबकि दिल्ली की आजादपुर मंडी में 150 से 160 रुपये किलो के रेट पर बिका। इस साल सूखे की मार के बावजूद सीजन की शुरुआत में बागवानों को प्लम के बढ़िया रेट मिल रहे हैं।
गुठलीदार फलों के सीजन ने रफ्तार पकड़ ली है। चेरी, बादाम, खुमानी और शक्करपारा के बाद प्लम मार्केट में पहुंचना शुरू हो गया है। सीजन की शुरुआत में रेड ब्यूट किस्म का प्लम मंडियों में पहुंच रहा है। मंगलवार को दिल्ली की आजादपुर मंडी में रामपुर के निरसू का रेड ब्यूट प्लम 150 से 160 रुपये किलो के रेट पर बिका। बागवान हरीश भलैईक ने बताया कि बाहली कोआपरेटिव सोसायटी के सहयोग से चेरी के साथ करीब 150 किलो रेड ब्यूट प्लम दो किलो के बाक्स और 750 ग्राम पैनेट की पैकिंग में दिल्ली भेजा था। इसे 150 से 160 रुपये किलो रेट मिले हैं।
सूखे की मार के कारण इस साल अच्छा साइज नहीं बना लेकिन फिर भी बढ़िया रेट मिले हैं। शिमला की भट्ठाकुफर फल मंडी की अनूप फ्रूट कंपनी के संचालक अनुपाल चौहान ने बताया कि मंगलवार को रेड ब्यूट प्लम 120 रुपये किलो जबकि 700 ग्राम का पैनेट 105 रुपये में बिका। चेरी 150 से 200, हरा बादाम 100 से 120 रुपये किलो बिका। शक्करपारे का दो किलो का डिब्बा 130 से 150 रुपये बिका।
ऐब्यूट किस्म का प्लम सेहत के लिए बेहद लाभप्रद माना जाता है। विटामिन सी की प्रचुर मात्रा के कारण इसके सेवन से रोग प्रतिरोधक क्षमता बढ़ती है। इस प्लम में मिनरल्स पाए जाते हैं तो सेहत के लिए महत्वपूर्ण होते हैं।