राज्य निर्वाचन आयोग के अनुसार वर्ष 2021 में आयोजित पंचायतीराज संस्थाओं के सामान्य चुनावों में द्वितीय चरण में 1208 ग्राम पंचायत में प्रदेश में लगभग 76 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया था। इस बार रिकाॅर्ड 80 फीसदी मतदान हुआ है। वहीं पहले चरण में 78.83 प्रतिशत मतदान हुआ था। पंचायतीराज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन के अंतर्गत प्रधान, उप प्रधान तथा वार्ड सदस्य पदों की मतगणना प्रक्रिया देर रात तक जारी रही और परिणाम घोषित किए गए। इसके अतिरिक्त, 250 जिला परिषद वार्डों तथा 1684 पंचायत समिति वार्डों के लिए मतगणना 31 मई, 2026 को संपन्न करवाई जाएगी तथा उक्त पदों के निर्वाचन परिणाम भी उसी दिन घोषित किए जाएंगे।
प्रदेश के सबसे ऊंचे मतदान केंद्र लाहौल-स्पीति के कॉमिक में गुरुवार को विपरीत भौगोलिक परिस्थितियों के बीच मतदाताओं ने भारी उत्साह दिखाया। कॉमिक मतदान केंद्र पर 76.62 प्रतिशत मतदान हुआ। पूरी मतदान प्रक्रिया को पांच महिला कर्मचारियों की पोलिंग पार्टी ने संपन्न कराया। इस मतदान केंद्र पर 77 मतदाता पंजीकृत हैं, जिसमें में से वीरवार को 59 ने अपने मत का प्रयोग किया। इनमें 29 पुरुष और 30 महिलाएं शामिल रहीं। कॉमिक मतदान केंद्र लाहौल-स्पीति जिले के विकास खंड स्पीति की लांगजा पंचायत में 4,587 मीटर की ऊंचाई पर स्थित है। वहीं, काजा विकास खंड में दूसरे चरण में 74.82 प्रतिशत मतदान हुआ है। वीरवार को विकास खंड काजा की तीन पंचायतों लांगज़ा, हल और डेमुल में मतदान हुआ। लांगजा पंचायत के तीन वार्डों में पिंक पोलिंग बूथ स्थापित किए गए थे। तीन पंचायतों में कुल मतदाताओं की संख्या 973 हैं, जिसमें से 728 मतदाताओं ने मतदान किया। इन पंचायतों में महिला मतदाताओं की संख्या 484 है और पुरुष मतदाताओं की संख्या 489 है, जिसमें से 375 महिला मतदाता और 353 पुरुष मतदाताओं ने अपने मताधिकार का प्रयोग किया। जिला निर्वाचन अधिकारी एवं अतिरिक्त जिला दंडाधिकारी स्पीति शिखा ने बताया कि प्रदेश की सबसे ऊंचे मतदान केंद्र कॉमिक सहित तीनों पंचायतों में शांतिपूर्ण मतदान हुआ।
पंचायत चुनाव ड्यूटी पर तैनात पोलिंग पार्टी के लिए खाना बनाते समय धर्मपुर के बनेरड़ी में अचानक प्रेशर कुकर फटने से महिला घायल हो गई। हादसे में महिला की आंखों में चोट आई। उसे उपचार के लिए नागरिक अस्पताल धर्मपुर पहुंचाया गया। यहां डॉक्टरों ने घायल महिला का प्राथमिक उपचार करने के बाद उसे घर भेज दिया। जानकारी के अनुसार पोलिंग पार्टी के लिए भोजन तैयार किया जा रहा था। इसी दौरान रसोई में प्रेशर कुकर अचानक तेज धमाके के साथ फट गया। धमाका इतना जोरदार था कि वहां मौजूद लोगों में अफरातफरी मच गई। हादसे में एक महिला गंभीर रूप से घायल हो गई और उसकी आंखों में चोट लगने की बात सामने आई। वहीं, घटना की जानकारी मिलने पर एसडीएम धर्मपुर जोगिंद्र पटियाल स्वयं नागरिक अस्पताल पहुंचे और घायल महिला का हालचाल जाना। एसडीएम ने बताया कि प्रशासन की ओर से घायल महिला को फौरी राहत के तौर पर पांच हजार रुपये की आर्थिक सहायता प्रदान की गई है।