हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के विकास खंड चौंतड़ा की मैन भरोला पंचायत में गुरुवार को मतदान के दौरान फर्जी वोटिंग को लेकर हंगामा हो गया। करीब दो घंटे तक मतदान प्रक्रिया बाधित रही, जिसके चलते कई मतदाता अपने मताधिकार का प्रयोग नहीं कर सके। कुट वार्ड नंबर चार के खेतड़ू मतदान केंद्र में फर्जी मतदान की शिकायत मिलने पर पोलिंग एजेंटों ने विरोध जताया। इसके बाद एसडीएम मनीश चौधरी और खंड विकास अधिकारी स्वयं मतदान केंद्र पहुंचे तथा मतदान प्रक्रिया की जांच की। जानकारी के अनुसार गुरुवार दोपहर बाद करीब डेढ़ बजे एक व्यक्ति की ओर से किसी अन्य मतदाता के नाम पर वोट डालने का मामला सामने आया।