हिमाचल का आगामी त्रिदेव सम्मेलन हमीरपुर में हो सकता है। कोर कमेटी की बैठक में कांगड़ा और हमीरपुर संसदीय में सम्मेलन करवाने पर चर्चा की गई। इसमें कई सदस्यों ने पहले हमीरपुर संसदीय क्षेत्र में सम्मेलन करने की हामी भरी। सोलन में त्रिदेव सम्मेलन के बाद लंच टेबल पर कोर कमेटी के मसलों पर चर्चा हुई।
बैठक में राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह ने हिमाचल भाजपा में गुटबाजी खत्म होने पर खुशी जाहिर की। उन्होंने कहा कि हिमाचल में चारों संसदीय क्षेत्रों में सम्मेलन आयोजित किए जाने हैं। ऐसे में भाजपा के वरिष्ठ नेता राजनाथ सिंह, नितिन गडकरी और वेंकैया नायडू भी
सम्मेलन में भाग लेने के लिए आएंगे। कहा कि जरूरी नहीं कि सभी सम्मेलन में मुझे भी भाग लेना है, कोई भी वरिष्ठ नेता आकर यहां रैली कर सकता है। उन्होंने भाजपा प्रदेशाध्यक्ष सतपाल सत्ती से हिमाचल विधानसभा क्षेत्रों में आगामी चुनाव संबंधित स्थिति के बारे में चर्चा की।
नई साल में मोदी की होगी एक रैली
कोर कमेटी की बैठक में भाजपा नेताओं ने अध्यक्ष के समक्ष मोदी की रैली करने का प्रस्ताव रखा। इसमें राष्ट्रीय अध्यक्ष ने कमेटी के सदस्यों को आश्वस्त किया कि जनवरी या फिर फरवरी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की रैली आयोजित की जाएगी। विधानसभा चुनाव के दौरान भी मोदी की संसदीय क्षेत्रों में रैली कराई जाएगी।