हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के बल्ह के निजी होटल में गुरुवार दोपहर पुलिस ने जाल बिछाकर देह व्यापार का पर्दाफाश किया है। पुलिस कर्मी को होटल में ग्राहक बनाकर भेजा गया। जैसे ही 2500 रुपये में सौदा तय हुआ, पुलिस टीम ने दो युवतियों और दो होटल कर्मियों को रंगेहाथ धर दबोचा।
दोनों युवतियों की उम्र 20 से 25 साल है। ये पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम से संबंधित हैं। पुलिस ने धारा 3,4,5 अनैतिक देह व्यापार एक्ट के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इस जिस्मफरोशी के धंधे में बाहरी राज्यों की युवतियों के संलिप्त पाए जाने से इसके पीछे किसी बड़े रैकेट का हाथ होने अंदेशा जताया जा रहा है। पुलिस हर पहलू को ध्यान में रखकर जांच कर रही है। बताया जा रहा है कि पुलिसकर्मी ने मौके पर मौजूद होटल कर्मचारी से 2500 रुपये में युवती उपलब्ध करवाने की डील की।
इसके बाद होटल में कर्मचारी से पैसे लेकर पूर्वोत्तर राज्य सिक्किम की दो युवतियां उपलब्ध करवा दी गईं। इसके साथ ही पुलिस टीम ने होटल में दबिश देकर दोनों युवतियों को रेस्क्यू करने के साथ दोनों आरोपियों को हिरासत में ले लिया। मामले में बल्ह पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी है।
बल्ह पुलिस को लंबे समय से क्षेत्र के एक होटल में देह व्यापार का धंधा करने को लेकर शिकायतें मिल रही थीं। इस पर बल्ह पुलिस ने देह व्यापार के रैकेट चलाने वाले होटल के दो कर्मचारियों को गिरफ्तार किया है। दो युवतियों को रेस्क्यू किया गया है।
- शालिनी अग्निहोत्री, एसपी मंडी