प्रियंका गांधी को दर्द बयां करती महिला।
- फोटो : अमर उजाला
शिमला के समरहिल वार्ड के शिव बावड़ी क्षेत्र में 14 अगस्त को आई आपदा में अपनों को खोने वाले परिजन प्रियंका गांधी से मिलने के बाद फूट फूटकर रो पड़े। प्रियंका का काफिला सुबह 10:20 बजे शिव बावड़ी पहुंचा। इस दौरान तीन पीड़ित परिवार भी मौके पर पहुंचे। प्रियंका ने इन्हें सांत्वना दी तो इनकी आंखों में आंसू आ गए। बोले कि इस आपदा ने कई परिवार उजाड़ दिए। आपदा में जान गंवाने वाले नीरज की मां शकुंतला ठाकुर ने प्रियंका से कहा कि उनके बेटे ने लोन लिया था।
अब इसे कौन चुकाएगा। सरकार उनका यह लोन माफ कर दे। आपदा में 17 साल के पोते को खोने वाली माया देवी फूट-फूटकर रो पड़ीं। उन्होंने कहा कि हंसता खेलता परिवार उजड़ गया। मृतक संजू के पिता मोहन सिंह ठाकुर को भी प्रियंका ने सांत्वना दी। करीब आधे घंटे तक यहां रुकी प्रियंका ने शिव मंदिर में माथा टेका और मुख्यमंत्री को हरसंभव मदद के लिए कहा। इस दौरान सांसद प्रतिभा सिंह, स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल, ग्रामीण विकास मंत्री अनिरूद्ध सिंह, शहरी विधायक हरीश जनारथा, महापौर सुरेंद्र चौहान, उप महापौर उमा कौशल भी मौजूद रहे।