राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद शहरी विकास मंत्री सुरेश भारद्वाज से बातचीत करते हुए।
- फोटो : अमर उजाला
राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद जैसे ही वायुसेना के हेलीकॉप्टर से अनाडेल हेलीपैड पर उतरे तो उनके स्वागत के लिए क्रमवार पहले राज्यपाल राजेंद्र विश्वनाथ आर्लेकर, फिर मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर, उनके बाद प्रदेश विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार और उनके बाद संसदीय कार्य मंत्री तथा मिनिटर-इन-वेटिंग सुरेश भारद्वाज खडे़ हुए।
कोविंद ने मंत्री सुरेश भारद्वाज के पास पहुंचते ही कहा - ‘नमस्कार! भारद्वाज जी कैसे हैं आप।’ इस पर भारद्वाज ने कहा कि वह ठीक हैं। इसके बाद मुख्य सचिव रामसुभग सिंह ने राष्ट्रपति को अपना परिचय दिया।
शहरी विकास एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश भारद्वाज ने बताया कि वह राष्ट्रपति रामनाथ कोविंद के साथ वर्ष 2002 मेें राज्यसभा में काम कर चुके हैं। उस वक्त रामनाथ कोविंद आवास आवंटन समिति के अध्यक्ष थे। उन्होंने उनके लिए सरकारी निवास का आवंटन भी किया था। फिर जब रामनाम कोविंद भाजपा के एससी मोर्चा के राष्ट्रीय अध्यक्ष थे तो प्रदेश में सुरेश भारद्वाज भाजपा के अध्यक्ष थे।
उस वक्त भी उनका मिलना होता था। कोविंद जब बिहार के राज्यपाल थे तो वह शिमला आए थे, उस वक्त भी सुरेश भारद्वाज के साथ उनका उठना-बैठना होता रहा। कोविंद सुप्रीम कोर्ट में वकील थे तो सुरेश भारद्वाज भी वकालत करते थे, इस हैसियत से भी मिलना-जुलना होता था। इस वजह से रामनाथ कोविंद और सुरेश भारद्वाज के व्यक्तिगत संबंध हैं।