हिमाचल सरकार ने सरकारी स्कूलों में प्री नर्सरी शुरू करने की वकालत की है। मंगलवार को नई दिल्ली में सेंट्रल एडवाइजरी बोर्ड ऑफ एजुकेशन की बैठक में मुख्य संसदीय सचिव शिक्षा नीरज भारती ने हिमाचल का पक्ष रखा। उन्होंने पांचवीं और आठवीं कक्षा में दोबारा बोर्ड शुरू करने की पैरवी भी की।
बैठक में शिक्षा सचिव डॉ. राकेश कुमार, संयुक्त निदेशक उच्च शिक्षा डॉ. बीएल बिंटा और राज्य परियोजना निदेशक घनश्याम चंद भी मौजूद रहे। बैठक के दौरान हिमाचल ने केंद्र सरकार को आठवीं कक्षा तक फेल न करने की प्रक्रिया बंद करने की मांग की। तर्क दिया गया है कि नवीं और दसवीं कक्षा में अधिक बच्चे फेल हो रहे हैं।
आठवीं तक मूल्यांकन के हिसाब से ही बच्चों को अगली कक्षा में प्रवेश दिया जा रहा है। इस प्रक्रिया के बंद होने से वार्षिक परीक्षाओं के आधार पर ही अगली कक्षा में बच्चों को प्रवेश दिया जाना चाहिए।
मुख्य संसदीय सचिव शिक्षा नीरज भारती ने कहा सरकारी स्कूलों में प्री नर्सरी की कक्षाएं शुरू करने से सरकारी स्कूलों में बच्चों की संख्या बढ़ेगी। सरकार को अंग्रेजी मीडियम को भी लागू करना चाहिए।