पेंशनर्स एसोसिएशन की शिमला इकाई ने बुधवार को रोटरी टाउन हॉल में पेंशन दिवस मनाया। बैठक की अध्यक्षता शहरी इकाई के अध्यक्ष आत्माराम शर्मा ने की। बैठक के दौरान पेंशनर्स को पेश आने वाली समस्याओं और मांगों पर मंथन किया गया। एसोसिएशन ने राज्य सरकार से आईजीएमसी अस्पताल में पेंशनर्स के लिए अलग से ओपीडी लगाने की मांग की।
सदस्यों ने कहा कि वरिष्ठ नागरिकों को ओपीडी में जुटी भारी भीड़ के बीच समस्याएं पेश आती हैं। अध्यक्ष आत्माराम शर्मा ने 65, 70 और 75 वर्ष की आयु पूर्ण करने पर पांच, दस और पंद्रह फीसदी तक मूल पेंशन बढ़ोतरी की मांग की। इसके अलावा तीन साल में एक बार परिवार सहित धार्मिक यात्रा तथा हिमाचल भवन दिल्ली और चंडीगढ़ में पेंशनर्स को ठहरने के लिए रियायती दरों पर कमरे उपलब्ध करवाने की मांग की।
एसोसिएशन ने पेंशनर्स संयुक्त सलाहकार समिति की बैठकें राज्य और जिला स्तर पर जल्द करवाने की मांग भी उठाई। शहरी इकाई के महासचिव सुभाष वर्मा ने बताया कि राज्य स्तर का रजत जयंती पेंशनर्स दिवस समारोह हमीरपुर में मनाया जाएगा। मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह समारोह की अध्यक्षता करेंगे। समारोह में शिमला शहरी इकाई के सदस्य भी भाग लेंगे। बैठक के दौरान समारोह की तैयारियों को लेकर भी चर्चा की गई।
शॉल-टोपी पहना सम्मानित किए पेंशनर्स
पेंशनर्स एसोसिएशन की शिमला शहरी इकाई ने सामाजिक कुरीतियों से लड़ने में विशेष योगदान देने के लिए कई सदस्यों को सम्मानित भी किया। सेवानिवृत्त इंजीनियर सुभाष वर्मा को दहेज प्रथा, कन्या भ्रूण हत्या, महिला उत्पीड़न, नशाबंदी और बाल अधिकारों की जानकारी के प्रति जागरूक करने के लिए नवाजा गया।
इनके अलावा आत्मा राम शर्मा, सुंदर लाल, कुशाल राज गुप्ता, सुविधा देवी, लक्ष्मी वर्मा, स्नेह लता नेगी, नरेंद्र गुप्ता, विरेंद्र सूद, ए वाहिद खान, पीआर खत्री, सोहल, एचडी वर्मा, जीवन ठाकुर, आत्मा राम शर्मा (मशोबरा), पुष्पा वर्मा, प्रभा वर्मा और डा. शिवराज सिंह को शॉल व टोपी पहनाकर सम्मानित किया गया।