शिमला। पार्किंग की समस्या से जूझ रहे शहरवासियों के लिए राहत भरी खबर है। टुटीकंडी आईएसबीटी की तर्ज पर शहर के लोकल बस स्टैंड और विकासनगर एसडीए कांप्लेक्स में बहुमंजिला पार्किंग बनाई जाएंगी। दोनों पार्किंग मुख्य सड़क के ऊपर भवन बनाकर तैयार होंगी। स्मार्ट सिटी मिशन से इनके निर्माण को मंजूरी मिलने के बाद लोक निर्माण विभाग ने इनकी ड्राइंग तैयार कर टेंडर कॉल कर दिए हैं। इसी साल दोनों पार्किंग बनकर तैयार हो जाएंगी। शहर के लोकल बस स्टैंड पर बनने वाली पार्किंग के लिए यहां करीब एक दर्जन दुकानें तोड़ी जाएंगी। इन दुकानों को बस स्टैंड पर ही एक व्यावसायिक परिसर बनाकर उसमें शिफ्ट किया जाएगा।
इस पर संबंधित कारोबारियों से सहमति भी ले ली गई है। यहां आठ करोड़ रुपये की लागत से 250 गाड़ियों के लिए बहुमंजिला पार्किंग तैयार की जाएगी। बस स्टैंड में अभी एक भी बड़ी पार्किंग नहीं है। इस पार्किंग से बाजार आने वाले लोगों के साथ साथ डीडीयू अस्पताल आने वाले मरीजों को भी फायदा होगा। ये लोग बस स्टैंड में बनने वाली इस पार्किंग में गाड़ियां खड़ी कर सकेंगे। पार्किंग बनने से सड़क पर खड़ी होने वाली गाड़ियां भी हटेंगी जिससे जाम से निजात मिलेगी।
शहर के विकासनगर एसडीए कांप्लेक्स में भी मुख्य सड़क पर बहुमंजिला पार्किंग तैयार होगी। लोक निर्माण विभाग ने इसकी ड्राइंग तैयार कर टेंडर कॉल कर दिए हैं। सात करोड़ की इस पार्किंग में 250 वाहनों को पार्क करने की क्षमता होगी। एसडीए कांप्लेक्स में दर्जनों सरकारी महकमों के मुख्यालय हैं। इसके अलावा कई निजी कंपनियों के दफ्तर भी हैं। पार्किंग की कमी के चलते लोग एनएच समेत सभी सड़कों के किनारे गाड़ियां पार्क करने को मजबूर हैं। अब पार्किंग बनने से राहत मिलेगी। यह पार्किंग सरस्वती विद्या मंदिर के सामने बनेगी। साल 2017 में पूर्व मेयर संजय चौहान ने यहां पार्किंग के लिए आधारशिला रखी थी। अब पांच साल बाद यहां पार्किंग बनने जा रही है। लोनिवि ने साइट क्लीयर कर दी है। पार्किंग होते हुए लोग एनएच से एसडीए कांप्लेक्स तक भी पहुंच जाएंगे।
आंकड़ों में समझें दोनों प्रोजेक्ट
लोकल बस स्टैंड में 8 करोड़ से 200 गाड़ियों के लिए बनेगी पार्किंग
पार्किंग के साथ बनेगा व्यावसायिक परिसर, दुकानें होंगी शिफ्ट
इस पार्किंग के नीचे होगा बस स्टैंड, सुचारू रहेगा बसों का संचालन
विकासनगर में सात करोड़ से 250 गाड़ियों के लिए पार्किंग
यहां ढाई मंजिला परिसर बनेगा, एनएच से एसडीए के लिए रास्ता भी बनेगा
12 करोड़ की पार्किंग का काम भी शुरू, 150 वाहन खड़े होंगे
शहर के विकासनगर में स्मार्ट सिटी से 12 करोड़ की लागत से पार्किंग का काम भी शुरू हो गया है। विकासनगर बाजार के साथ लगते नाले में यह पार्किंग बन रही है। इसमें दुकानें भी बनेंगी, साथ ही 150 से अधिक गाड़ियों के लिए पार्किंग सुविधा मिलेगी। स्थानीय पार्षद रचना भारद्वाज के अनुसार मौके पर काम शुरू हो चुका है।
दोनों पार्किंग के लिए कॉल किए हैं टेंडर: अभियंता
लोक निर्माण विभाग के अधिशासी अभियंता सुधीर गुप्ता ने कहा कि दोनों प्रोजेक्ट शहर के फायदे के हैं। इनके निर्माण के लिए ड्राइंग तैयार कर टेंडर कॉल कर दिए हैं। प्रयास रहेगा कि इसी साल इनका निर्माणकार्य पूरा कर जनता को सुविधा दी जा सके।