जनजातीय जिले लाहौल-स्पीति की 29 पंचायतों में जिला परिषद, बीडीसी, प्रधान, उपप्रधान, वार्ड सदस्य के लिए मतदान हो रहा है। वहीं, पंचायतीराज चुनाव के तहत दुर्गम क्षेत्र पांगी की 10 पंचायतों में मतदान हो रहा है।
हिमाचल प्रदेश पंचायतीराज संस्थाओं के पहले चरण के चुनाव में 39 ग्राम पंचायतों के 170 मतदान केंद्रों पर मतदान हुआ। इस दौरान 74 प्रतिशत मतदाताओं ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया। राज्य निर्वाचन आयोग के सचिव डॉ. केवल राम सैहजल ने बताया कि जिला चंबा के विकास खंड पांगी की ग्राम पंचायत कुमार में सर्वाधिक 88 फीसदी मतदान हुआ। जिला परिषद व पंचायत समिति के मतों की गणना चार अक्तूबर को खंड मुख्यालयों पर होगी। उन्होंने बताया कि दूसरे व अंतिम चरण में जिला लाहौल स्पीति के विकास खंड के केलांग की 16 ग्राम पंचायत में विकास खंड पांगी की 9 ग्राम पंचायतों, उप निर्वाचन तीन पंचायत समिति सदस्यों, पांच प्रधान के पदों, सात उप प्रधान के पादें एवं पंचायत वार्ड सदस्य के 25 पदों के लिए एक अक्तूबर को मतदान होगा।
शीत मरुस्थल में बुजुर्गों, युवाओं में भी दिखा मतदान का जोश
शीत मरुस्थल के नाम से विख्यात लाहौल-स्पीति जिला के मतदाताओं में पंचायत चुनाव को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला है। युवा से लेकर बुजुर्गों ने मतदान केंद्र में आकर अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया है। कोकसर पंचायत के लालिंग गांव की 97 वर्षीय डोलमा ने केंद्र पहुंचकर मतदान किया। पहले चरण में बुधवार को जिला की 29 पंचायतों में मतदान हुआ है। सुबह से ही लोग वोट देने के लिए पहुंचना शुरू हो गए थे। चंद्राघाटी के सिस्सू और गोंधला पंचायत में एक अक्तूबर को दूसरे चरण की वोटिंग होगी। मतदान को लेकर बुजुर्ग लोगों में भी जोश देखा गया। कहीं खुद लाठी के सहारे वोट देने के लिए पहुंचे तो कहीं परिवार के लोगों ने मतदान केंद्र तक पहुंचाया।
वहीं, शिक्षित युवा प्रत्याशियों के मैदान में उतरने से पंचायतों में विकास की उम्मीदों को लेकर युवा मतदाताओं में पहले चरण के मतदान में जोश व उत्साह देखने को मिला। बुधवार को घाटी में पहले चरण का मतदान हुआ। जिला से बाहर अध्ययनरत सैकड़ों युवा भी पहली बार मताधिकार का प्रयोग करने पहुंचे। पांगी की सेचू, शुण, कुमार, सुराल, रेई, शौर, हुडान, लुज, कोठी और करयास पंचायतों में बुधवार को पहले चरण के तहत चुनावी प्रक्रिया संपन्न हुई। दस पंचायतों में प्रधान पद के लिए 103, उप प्रधान पद के लिए 102 और वार्ड सदस्यों के लिए 127 उम्मीदवार चुनावी समर में उतरे हैं। इन प्रत्याशियों के भाग्य का फैसला करने के लिए 6731 वोटरों ने अपने मताधिकार का इस्तेमाल किया।