हिमाचल प्रदेश में पंचायती राज संस्थाओं के पहले चरण के चुनाव में रविवार को 78.70 फीसदी मतदान हुआ। पंचायत प्रधान, उपप्रधान और वार्ड सदस्यों को डाले वोटों की देर रात तक मतगणना और नतीजे आने का दौर जारी रहा। राज्य चुनाव आयोग के अनुसार पहले चरण के मतदान के समय कोई बड़ी शिकायत नहीं आई। पहले चरण में कुल 1227 पंचायतों के लिए मतदान हुआ। पंचायतों में मतदान के बाद वोटों की गिनती के बाद देर रात तक नतीजे घोषित हुए। स्पीति की खुरिक पंचायत से दिचेन अगमो प्रधान पद पर निर्वाचित हुई हैं। जबकि उपप्रधान संजीव कुमार बने हैं। स्पीति की काजा पंचायत से सोनम डोलमा प्रधान निर्वाचित हुई हैं। उपप्रधान लोटे उपप्रधान चुने गए हैं। वहीं, ऊना के गोंदपुर जयचंद में अनूप अग्निहोत्री प्रधान और करनैल सिंह उप प्रधान चुने गए हैं। नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री की गृह पंचायत में कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार जीते हैं।
मंडी से सांसद रामस्वरूप शर्मा के भाई त्रिलोक चंद जलपेहड़ पंचायत में वार्ड सदस्य का चुनाव हार गए हैं। पंचायत समिति और जिला परिषद सदस्यों के चुनाव नतीजे 22 जनवरी को घोषित होंगे। कई जगह देर शाम तक मतदान होता रहा। प्रदेश की 108 पंचायतों ने पहले ही प्रतिनिधि चुन लिए थे। कुल्लू के नग्गर की रिहाड़ा पंचायत में सबसे ज्यादा 94 फीसदी मतदान रिकॉर्ड हुआ। प्रदेश की 1208 पंचायतों में दूसरे चरण के चुनाव के लिए 19 जनवरी को मतदान होगा। इसके साथ ही इन पंचायत क्षेत्रों में प्रत्याशी अब घर-घर जाकर वोटरों से संपर्क साध सकेंगे। पहले चरण से मतदान के लिए 7593 पोलिंग पार्टियां मतदान केंद्रों में तैनात रहीं। राज्य में 972 अतिसंवेदनशील, 2830 संवेदनशील और 7744 साधारण मतदान केंद्र बने हैं। प्रदेश भर की कुल 3583 पंचायतों में तीन चरणों में चुनाव होना है।
ये भी पढ़ें: पंचायत चुनाव हिमाचल: मतदान के लिए युवाओं से लेकर बुजुर्गों में दिखा उत्साह, देखें 22 शानदार तस्वीरें
राज्य के कुल 51.50 लाख वोटर अपने पंचायतों, पंचायत समिति और जिला परिषद के कुल 81,675 प्रतिनिधियों को चुनेंगे। प्रदेश में तीसरे चरण के लिए कुल 1137 पंचायतों में 21 जनवरी को चुनाव होना है। इन पंचायत क्षेत्रों में रविवार को चुनाव प्रचार थम गया है और इनमें चुनाव के लिए मतदान 21 जनवरी को होगा। पंचायत चुनाव में मतदान को लेकर लोगों में काफी उत्साह देखा गया। लोग विभिन्न मतदान केंद्रों पर सुबह-सुबह वोट डालने पहुंचे। कोरोना को देखते हुए मतदान केंद्रों पर निर्धारित मानक संचालन पक्रिया एसओपी का सख्ती से पालन सुनिश्चित किया गया। सुरक्षित शारीरिक दूरी बनाए रखने के लिए कई मतदान केंद्रों के बाहर निर्धारित दूरी पर गोले लगाए गए थे। मतदान केंद्रों में मतदाताओं को थर्मल स्केनिंग के बाद ही वोट डालने की अनुमति दी गई। पंचायती राज संस्थाओं के चुनाव में मतदान को लेकर युवाओं से लेकर बुजुर्गों में जोश देखा गया। वहीं, देश के प्रथम मतदाता श्याम सरण नेगी ने राजकीय प्राथमिक पाठशाला कल्पा में मतदान किया। प्रशासन की ओर से नेगी के स्वागत के लिए विशेष प्रबंध किए गए थे।
जिला मतदान(10 बजे ) मतदान(12 बजे) मतदान(2 बजे) मतदान(4 बजे तक)
बिलासपुर 15.70 33.50 56.70 78.40
चंबा 15.20 33.50 57.20 74.83
हमीरपुर 14.40 32.90 55.50 75.77
कांगड़ा 14.90 32.80 55.10 73.00
किन्नौर 14.30 30.00 49.20 69.45
कुल्लू 17.60 37.50 62.20 84.20
लाहौल-स्पीति 16.40 42.10 58.60 63.80
मंडी 15.80 34.80 59.20 80.93
शिमला 15.80 36.70 59.50 78.04
सिरमौर 18.40 39.20 63.30 82.54
सोलन 18.90 41.10 64 .20 83.64
ऊना 15.90 35.88 59.70 80.01