आयुक्त अदालत में 48 मामलों पर हुई सुनवाई, दो अन्य भवनों के छज्जे तोड़ने के आदेश अमर उजाला ब्यूरो शिमला। राजधानी के संजौली के चलौंठी में एक व्यक्ति ने नक्शा पास करवाए बिना ही मकान बना लिया। अब नगर निगम आयुक्त कोर्ट ने इसे गिराने के आदेश जारी कर दिए हैं। नगर निगम आयुक्त भूपेंद्र अत्री की अदालत ने शनिवार को इस बारे में आदेश जारी कर दिए हैं।
नगर निगम के अनुसार चलौंठी में एक व्यक्ति ने नक्शा पास करवाए बिना ही मकान बना दिया था। स्थानीय लोगों ने इसकी शिकायत नगर निगम में कर दी। नगर निगम आयुक्त कोर्ट में कई साल चले इस मामले में शनिवार को सुनवाई पूरी होने के बाद फैसला सुनाया गया। नगर निगम के अनुसार भवन मालिक को अवैध निर्माण गिराने के आदेश जारी किए हैं। यदि मकान मालिक सेटबैक छोड़ने के साथ 10 फीसदी कंपाउंडिंग के लिए आवेदन करता है तब भी उसे बढ़ा हुआ हिस्सा तोड़ना होगा। साथ ही फीस भी चुकानी होगी। दो अन्य भवन मालिकों को भी बढ़ाए गए छज्जे तोड़ने के आदेश जारी किए हैं।
आयुक्त कोर्ट में शनिवार को 48 मामलों पर सुनवाई हुई। इस दौरान ज्यादातर मामलों पर अब अगली तारीख पर सुनवाई होगी। गौरतलब है कि पिछले शनिवार को भी शहर में सात भवन मालिकों को निगम ने अवैध निर्माण गिराने के आदेश जारी किए थे। निगम कोर्ट में उन भवन मालिकों के खिलाफ भी सुनवाई चल रही है जिन्होंने गुपचुप अपने भवनों की बेसमेंट पार्किंग की जगह व्यावसायिक परिसरों के लिए खोल दी है। ऐसे भवन मालिकों को इन्हें बंद करने के आदेश जारी किए जा रहे हैं।