डाकघर में सेविंग खाता खोलने, स्पीड पोस्ट भेजने और आधार कार्ड से संबंधित कार्य करवाने के लिए जाना हो एजी ऑफिस
विज्ञापन
मालरोड स्थित जीपीओ भवन का चल रहा जीर्णोद्धार कार्य संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। राजधानी के माल रोड स्थित शहर के मुख्य डाकघर (जीपीओ) का कार्य सोमवार से महालेखाकार कार्यालय के भवन (एजी ऑफिस) में चलेगा। जीपीओ भवन के जीर्णोद्धार कार्य के चलते कुछ महिनों के लिए यह बदलाव किया है।
जीपीओ की मेल ब्रांच और बैक ऑफिस के काम को पहले ही शिफ्ट कर दिया था लेकिन काउंटर का काम अभी मालरोड जीपीओ में ही चल रहा था। इसमें ग्राहकों को सेविंग खाता खोलने, आरडी जमा करवाने, स्पीड पोस्ट भेजने और आधार कार्ड से संबंधित सभी सुविधाएं मिल रही थीं। अब सोमवार से ग्राहकों को यह सभी सुविधाएं भी एजी ऑफिस में स्थित डाकघर में ही मिलेगी। वहीं जगह की कमी के चलते मेल ब्रांच का काम फिंगास्ट में लिए गए किराये के भवन में शिफ्ट किया है। कुछ समय तक अब मालरोड का डाकघर मरम्मत कार्य के चलते बंद रहेगा। हालांकि एजी ऑफिस भवन के डाकघर में कार्य को पूरी तरह से शुरू करने में कुछ तकनीकी समस्या आ सकती है। ऐसे में ग्राहक अस्थायी तौर पर अपने नजदीकी सर्किल ऑफिस कांबरमेयर, छोटा शिमला, बस स्टैंड सहित अन्य स्थानों पर सुविधाएं प्राप्त कर सकते हैं। जीपीओ भवन के जीर्णोद्धार के लिए 14 करोड़ रुपये की राशि खर्च की जा रही है। इस कार्य की शुरुआत 2023 में अक्तूबर माह में हो गई थी और इस साल के अंत इसे पूरा करने का लक्ष्य रखा है। केंद्रीय लोक निर्माण विभाग की ओर से यह काम किया जा रहा है।
सर्किल ऑफिस में प्राप्त कर सकते हैं सुविधा
सोमवार (22 सितंबर) से ग्राहकों को मुख्य डाकघर में मिलने वाली सभी सेवाएं एजी ऑफिस भवन में स्थित डाकघर में मिलेंगी। हालांकि नई जगह व्यवस्था स्थापित करते हुए कुछ समय लग सकता है ऐसे में ग्राहक अपने नज़दीकी डाकघर के सर्किल ऑफिस में सुविधाएं ले सकते हैं। जल्द से जल्द जीपीओ के मरम्मत कार्य को पूरा कर लिया जाएगा। -मनोहर लाल, प्रवर डाकपाल, जीपीओ शिमला