फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

इस स्कूल पर इतनी मेहरबान है सरकार, दो छात्रों को पढ़ा रहे दो टीचर

Thu, 16 Mar 2017 01:35 PM IST
रामेश्वरी ठाकुर/अमर उजाला, शिमला
विज्ञापन
विज्ञापन
शहर के चुंगीखाना प्राइमरी स्कूल पर आखिर विभाग इतना मेहरबान क्यों है। मामला राजधानी शिमला का है। आठ छात्रों की संख्या वाले इस स्कूल में विभाग ने दो शिक्षक तैनात कर रखे हैं। हैरानी है कि आठ में से अधिकतर छात्र अनुपस्थित रहते हैं। यह खुलासा भी शिक्षक ही कर रहे हैं। छात्रों की कम संख्या को लेकर लंबे समय से यह स्कूल चर्चा में चल रहा है।
विज्ञापन


अमर उजाला टीम स्कूल पहुंची तो सब कुछ और भी हैरान करने वाला था। स्कूल में केवल दो छात्र थे और इन्हें पढ़ाने के लिए यहां दो शिक्षक मौजूद थे। रिकॉर्ड में हालांकि आठ छात्र हैं। यहां दोपहर का भोजन बनाने को मिड डे मील वर्कर भी मिली। इस स्कूल से करीब दो सौ मीटर की दूरी पर दूसरी प्राथमिक पाठशाला भी है।

मंत्रिमंडल के फैसले के मुताबिक दिसंबर 2016 में पांच से कम संख्या वाले ऐसे 99 स्कूल बंद भी किए गए हैं। अब दस से कम संख्या वाले स्कूलों को बंद करने की भी तैयारी है। अब देखने वाली बात यह होगी कि क्या चुंगीखाना स्कूल इस फैसले के दायरे में आता है या नहीं। टीम को यहां दो बच्चों को पढ़ाने को दो शिक्षक मिले।
विज्ञापन


रिकॉर्ड में अन्य छह छात्रों के बारे पूछा तो जवाब मिला कि चार छात्र आधार कार्ड बनवाने गए हैं। दो छात्र अनुपस्थित ही रहते हैं। अब यह शिक्षा विभाग को देखना है कि इस स्कूल में क्या सही में छात्रों की संख्या आठ है भी या नहीं। कहीं ऐसा तो नहीं कि यह स्कूल सिर्फ साहब की बीवियों और पहुंच वाले शिक्षकों को नजदीकी स्कूल की सुविधा देने के लिए पाठशाला चलाई जा रही है।

यह थी स्कूल की स्थिति

चुंगीखाना स्कूल : समय बारह बजे हैं। स्कूल का एक कमरा खुला है। एक ही क्लास रूम में चौथी कक्षा की छात्रा दिव्या और दूसरी कक्षा का छात्र इंद्रजीत बैंच पर बैठे हैं। महिला शिक्षक और एक शिक्षक भी कमरे में मौजूद थे। महिला शिक्षक दोनों को पढ़ा रही थीं। पुरुष शिक्षक चेयर पर बैठे पाए गए। स्कूल भवन के तीन कमरों में एक ही कमरे में स्टाफ रूम, क्लास रूम बनाया गया है। 

एक को स्टोर रूम के रूप में इस्तेमाल किया जा रहा है। तीसरा कमरा आंगनबाड़ी केंद्र को दिया गया है। स्कूल में पंजीकृत कुल छात्रों के बारे सवाल करने पर शिक्षकों ने जवाब दिया कि स्कूल में आठ छात्र पंजीकृत हैं। तीसरी और पांचवीं कक्षा में कोई छात्र नहीं है। पहली में तीन, दूसरी में दो, चौथी में तीन छात्र है। हालांकि, स्कूल में केवल दो ही छात्र उपस्थित थे। 
विज्ञापन

स्कूल में पांचवीं और तीसरी कक्षा नहीं

प्रारंभिक शिक्षा निदेशक राकेश वशिष्ठ ने बताया कि चुंगीखाना स्कूल का मामला ध्यान में है। इस बारे में जवाब मांगा गया है। चुंगीखाना स्कूल में पांचवीं और तीसरी कक्षा में एक भी छात्र नहीं है। रिकॉर्ड के अनुसार पहली में दिव्यांश, अनिला, अमित, दूसरी में अरमान, इंद्रजीत और चौथी में गुलाबदाह, दिव्या और प्रियांश पढ़ते हैं। 

पढ़ाना लिखना अच्छा लगता है: दिव्या
चौथी कक्षा में पढ़ रही छात्रा दिव्या का कहना है कि उन्हें पढ़ना लिखना अच्छा लगता है। दिव्या झारखंड की मूल निवासी है। उनके पिता मिस्त्री हैं और माता गृहिणी है। 

खेलकूद में भी है रुचि: इंद्रजीत
दूसरी में पढ़ रहे छात्र इंद्रजीत का कहना है कि पढ़ने के अलावा खेलकूद में रुचि है। इंद्रजीत बिहार के हैं और उनके पिता मिस्त्री और माता पास के घरों में काम करती हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें