प्रदेश के लोग अब ऑनलाइन मकान का नक्शा पास कराने के लिए आवेदन कर सकेंगे। पहले लोगों को कंप्यूटर में नक्शा तैयार कर उसका शीट पर प्रिंट लेना होता था। इस शीट में कम से कम 3 से 4 हजार रुपये तक का खर्चा आता था, लेकिन अब लोग सीधे कंप्यूटर से नक्शा टीसीपी कार्यालय को भेज सकते हैं। विभाग के जूनियर इंजीनियर इस नक्शे की जांच पड़ताल करने के बाद मौके का निरीक्षण करेंगे, उसके बाद टाउन प्लानर स्वीकृति प्रदान करेगा।
टीसीपी कार्यालय में निजी प्लानरों के साथ हुई अधिकारियों की बैठक में प्लानरों को इस बारे में विस्तृत जानकारी से अवगत कराया गया। बैठक की अध्यक्षता निदेशक संदीप शर्मा की की। नगर एवं ग्राम योजनाकार राजेंद्र सिंह चौहान ने निजी प्लानरों को ऑनलाइन स्वीकृतियों के बारे में विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने कहा कि ऑनलाइन आवेदन करने से नक्शे की शीट का खर्च बच सकेगा और ऑनलाइन आसानी से औपचारिकताएं पूरी की जा सकती हैं।
बैठक में निजी वास्तुकारों ने नक्शों को आन लाइन करते समय हो रही कठिनाइयों से विभागीय अधिकारियों को अवगत कराया। राजेंद्र सिंह चौहान ने कहा कि रोहडू, ठियोग, नारकंडा, चौपाल और अन्य योजना क्षेत्र में ऑनलाइन सेवाएं देनी शुरू कर दी हैं। इसके तहत विभाग को 117 मामले प्राप्त हुए हैं जिनमें से 55 मामलों में स्वीकृति ऑनलाइन प्रदान कर दी गई है । बैठक में शिमला मंडल के सहायक नगर योजनाकर सविता ऑमटा सहित अन्य अधिकारियों ने अपने विचार रखे।
ऑनलाइन कैसे भरें नक्शा, वास्तुकारों को दिया प्रशिक्षण
मंडलीय नगर एवं ग्राम योजना कार्यालय शिमला ने नगर एवं ग्राम योजना अधिनियमों को लागू करने एवं अपनाने और योजना स्वीकृति प्रकरणों को ऑनलाइन निपटाने को लेकर नगर एवं ग्राम योजनाकार संदीप शर्मा की अध्यक्षता में बैठक करवाई। नगर एवं ग्राम योजनाकार राजेंद्र सिंह चौहान और उनके अधिकारियों ने नियमों में आपसी विरोधाभास को दूर करने बारे निजी वास्तुकारों तथा
अभियंताओं के साथ विचार- विमर्श किया और नक्शों को किस प्रकार से ऑनलाइन भरा जाए। ताकि इन्हें भरने में बार-बार गलतियां न हो और इनका निपटारा यथाशीघ्र किया जा सके इसके बारे में जानकारी दी गई। चौहान ने यह भी अवगत करवाया कि मंडलीय कार्यालय शिमला की ओर से शिमला क्षेत्र में अक्तूबर 2015 से ऑनलाइन नक्शों को निपटाने का कार्य करना शुरू कर दिया गया है।
रोहडु, ठियोग, नारकंडा, चौपाल और अतिरिक्त योजना क्षेत्र शिमला एवं विशेष क्षेत्र विकास प्राधिकरण कुफरी, शोघी, घणाहट्टी में कार्य करना आरंभ कर दिया है। ऑनलाइन नक्शों को स्वीकृत करने का काम चल रहा है । इसके तहत अभी तक 117 मामले प्राप्त हुए हैं जिनमें से 55 मामलों में स्वीकृति ऑनलाइन दी गई है।