सुबह 4:45 बजे खुल गए थे शिव मंदिर के कपाट
जल, दूध और दही से किया शिवलिंग का अभिषेक
संवाद न्यूज एजेंसी
शिमला। सावन माह के पहले सोमवार को शहर के शिव मंदिरों में दिनभर श्रद्धालुओं की भीड़ उमड़ी रही। इस दौरान श्रद्धालुओं ने हर-हर महादेव के जयकारों के बीच शिवलिंग का जलाभिषेक कर सुख-समृद्धि की कामना की।
मिडिल बाजार स्थित शिव मंदिर के कपाट सुबह 4:45 बजे खुले। 5:30 बजे के बाद मंदिर में श्रद्धालुओं के पहुंचने का सिलसिला शुरू हो गया था, वहीं 11 बजे के बाद मंदिरों में लाइनें लगना शुरू हो गई थी। इसके अलावा लिफ्ट के पास स्थित प्राचीन शिव मंदिर और कालीबाड़ी मंदिर में भी सैकड़ों श्रद्धालु माथा टेकने पहुंचे। भगवान शिव को उनके प्रिय बिल्व पत्र, फल-फूल चढ़ाए। श्रद्धालुओं ने शिवलिंग का जल, दूध और दही से अभिषेक कर भगवान शिव का आशीर्वाद लिया और परिवार की सुख-समृद्धि की कामना की। संक्रांति के बाद सावन माह मानने वाले श्रद्धालुओं ने 20 जुलाई को पहले सोमवार का व्रत रखा था। श्रावण कृष्ण पक्ष के अनुसार व्रत रखने वाले श्रद्धालुओं के लिए पहला सावन 28 जुलाई से शुरू होगा जिसका पहला व्रत 3 अगस्त को रखा जाएगा।