नालागढ़ उपमंडल के पहाड़ी क्षेत्र दिग्गल के किसान की बेटी रविना शर्मा ने एनटीए यूजीसी की ओर से आयोजित कॉमर्स विषय में जूनियर रिसर्च फेलोशिप परीक्षा 99.73 फीसदी अंकों से पास की है। ज्यों ही इस परीक्षा का परिणाम वीरवार को घोषित हुआ, दिग्गल में खुशी का माहौल छा गया। रविना साधारण परिवार से हैं। दिग्गल के साथ लगते गांव घरोल की रहने वाली रविना के पिता के किसान हैं और मां गृहिणी है।
2020 में उसने स्नातक की परीक्षा दिग्गल कॉलेज से पास की थी। 2022 में हिमाचल विश्वविद्यालय से स्नातकोत्तर परीक्षा पास करने के बाद यूजीसी की परीक्षा के लिए आवेदन किया था। रविना ने बताया कि जब भी भविष्य में हिमाचल प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से सहायक प्रोफेसर की रिक्तियां निकाली जाएंगी, उसमें आवेदन के लिए पात्र हो गई हैं।
इसके अतिरिक्त अगर वह पीएचडी करना करना चाहेंगी तो उसे सरकार की ओर से शोध कार्य के लिए छात्रवृति मिलेगी। दिग्गल कॉलेज की प्रधानाचार्य हरप्रीत कौर और पीटीए के प्रधान जयसिंह कौशल ने इस सफलता पर रविना और उसके माता-पिता को बधाई दी है।