प्रदेश कांग्रेस मुख्यालय राजीव भवन शिमला में शुक्रवार को भारत रत्न संविधान निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर को उनकी जयंती पर श्रद्धासुमन अर्पित किए गए। कांग्रेस नेताओं ने उनके छाया चित्र पर पुष्प अर्पित करते हुए देश के निर्माण में उनके उल्लेखनीय योगदान को याद किया। कहा कि राजनीतिक द्वेष के चलते उनके नेताओं के साथ जो अन्याय किया जा रहा है, वह किसी भी स्तर पर सहन नहीं होगा।
कांग्रेस नेताओं ने देश की एकता व अखंडता की रक्षा के लिए शपथ भी ली। इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के उपाध्यक्ष पूर्व विधायक चिरंजी लाल कश्यप, कांग्रेस महासचिव अमित पाल सिंह, यशपाल तनाईक, अनुसूचित जाति विभाग के अध्यक्ष अमित नंदा, महिला कांग्रेस अध्यक्ष जैनब चंदेल, जिला अध्यक्ष शहरी जितेंद्र चौधरी, सचिव वेद प्रकाश ठाकुर, संदीप कुमार, सिमी नंदा, सेनराम नेगी, प्रभा वर्मा, मोहन नेगी, पूर्ण चंद, वीर सिंह, मनु भाटिया और अन्य लोगों ने बाबा साहब को श्रद्धासुमन अर्पित किए। कांग्रेस नेताओं ने कहा कि डॉ. आंबेडकर ने देश के नागरिकों के लिए संविधान बनाया था।
दुर्भाग्य से केंद्र में बैठी भाजपा सरकार उस संविधान के विपरीत कार्य कर रही है। देश में संविधान की रक्षा का बेड़ा जो कांग्रेस ने उठाया है, उसके लिए सभी को किसी भी कुर्बानी के लिए तैयार रहना होगा। डॉ. भीमराव आंबेडकर को याद करते हुए कांग्रेस नेताओं ने कहा कि हमारे संविधान के शिल्पकार, सामाजिक न्याय के प्रेणता, आदित्य विधिवेत्ता भारत रत्न बाबा साहब को नमन करते हुए कहा कि देश के नागरिकों को उनके अधिकार व कर्तव्यों की संविधान में पूरी रक्षा की गई है।
मुख्यमंत्री ने भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर अर्पित की पुष्पांजलि
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने शुक्रवार को भारत रत्न डॉ. भीमराव आंबेडकर की जयंती पर आंबेडकर चौक शिमला में उनकी प्रतिमा पर पुष्पांजलि अर्पित की। मुख्यमंत्री ने कहा कि भारत के संविधान के निर्माता डॉ. भीमराव आंबेडकर ने समरसता, सौहार्द और सद्भाव को बढ़ावा देने के लिए योगदान दिया। उनके अनुसार समतावादी समाज के निर्माण के लिए शिक्षा प्रत्येक नागरिक को समान अधिकार देने का एक सशक्त माध्यम है।
उन्होंने समाज के पिछड़े वर्गों और गरीबों के कल्याण एवं उनके अधिकारों के लिए जीवन-भर कार्य किया। हमें उनके जीवन मूल्यों और आदर्शों से प्रेरणा लेनी चाहिए। मुख्यमंत्री ने बाबा साहेब आंबेडकर वेलफेयर सोसायटी के कैलेंडर का विमोचन भी किया। सूचना एवं जन संपर्क विभाग के कलाकारों इस दौरान भक्ति संगीत प्रस्तुत किया। शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर, विधायक विनय कुमार और हरीश जनारथा, उपायुक्त शिमला आदित्य नेगी, पुलिस अधीक्षक संजीव गांधी, आयुक्त नगर निगम आशीष कोहली सहित कई अन्य भी मौजूद रहे। ब्यूरो
काजा में पहली बार मनाया जाएगा हिमाचल दिवस : सुक्खू
मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि 75 साल में पहली बार चीन बाॅर्डर से सटे लाहौल-स्पीति जिले के काजा में हिमाचल दिवस का राज्य स्तरीय कार्यक्रम होने जा रहा है। पूरे प्रदेश का एक समान विकास करने के लिए ही सरकार ने दूरदराज के क्षेत्र में राज्य स्तरीय कार्यक्रम करने का फैसला लिया है। हमारे जनजातीय क्षेत्रों की संस्कृति, यहां की परंपराओं एवं विशिष्टताओं को देश-दुनिया के समक्ष प्रस्तुत करने का यह एक उचित मंच होगा। सीमावर्ती क्षेत्र के प्रवास के दौरान क्षेत्रवासियों के लिए मूलभूत सुविधाएं सुदृढ़ करने के दृष्टिगत स्थानीय लोगों की अपेक्षाओं एवं आकांक्षाओं को और नजदीक से जानने-समझने का अवसर भी प्राप्त होगा।