नामांकन शुरू होते ही रफ्तार पकड़ेगा प्रचार
हिमाचल प्रदेश में 9 मई से भाजपा और कांग्रेस के प्रत्याशियों के नामांकन पत्र दाखिल करने की प्रक्रिया शुरू होने के साथ ही चुनाव प्रचार रफ्तार पकड़ेगा। 9 मई को मंडी में विक्रमादित्य सिंह और कांगड़ा में आनंद शर्मा नामांकन पत्र दाखिल करेंगे। हमीरपुर में सतपाल रायजादा 10 को और शिमला में विनोद सुल्तानपुरी 13 मई को नामांकन भरेंगे। इन दौरान हर संसदीय क्षेत्र में मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू, उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री और प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रतिभा सिंह भी मौजूद रहेंगी। नामांकनपत्र दाखिल करने के बाद हर संसदीय सीट पर कांग्रेस की ओर से चुनावी जनसभाएं की जाएंगी।
कांगड़ा से भाजपा प्रत्याशी राजीव भारद्वाज 10 को, हमीरपुर में अनुराग ठाकुर और शिमला में सुरेश कश्यप 13 मई को नामांकन दाखिल करेंगे। 14 मई को मंडी में कंगना रणौत नामांकन पत्र जमा करवाएंगी। भाजपा की ओर से भी नामांकन दाखिल करने के बाद जनसभाएं की जाएंगी। इस दौरान नेता विपक्ष जयराम ठाकुर सहित भाजपा के कई वरिष्ठ नेता भी मौजूद रहेंगे। दोनों राजनीतिक दल अपने बड़े नेताओं को भी नामांकन के बाद शक्ति प्रदर्शन के लिए होने वाली चुनावी जनसभाओं में बुलाने की तैयारी में हैं। उधर, विधानसभा उपचुनाव के लिए भी नामांकन पत्र दाखिल करने की तारीखें तय करने में दोनों पार्टियों के प्रत्याशी जुटे हुए हैं।
360 मतदान केंद्र हैं अतिसंवेदनशील
लोकसभा चुनावों के दौरान प्रदेश के 360 अतिसंवेदनशील (क्रिटिकल) मतदान केंद्रों पर भी वोट डाले जाएंगे। इन मतदान केंद्रों पर सुरक्षा का जिम्मा केंद्रीय बलों पर रहेगा। निर्वाचन आयोग ने इन मतदान केंद्रों पर शांतिपूर्ण व निष्पक्ष चुनाव संपन्न करवाने के लिए विशेष इंतजाम किए हैं। प्रदेश में अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर चुनाव आयोग वेबकास्टिंग के जरिये नजर रखेगा। मतदान केंद्रों की प्रत्येक गतिविधि पर नजर रखने के लिए सीसीटीवी कैमरे लगाए जाएंगे। निर्वाचन विभाग की ओर से पीठासीन अधिकारियों को मतदान प्रक्रिया की वेबसास्टिंग अनिवार्य रूप से करने के निर्देश दिए गए हैं।
केंद्रीय बलों पर रहेगा सुरक्षा का जिम्मा : गर्ग
अतिसंवेदनशील मतदान केंद्रों पर माइक्रो आब्जर्वर तैनात किए जाएंगे। किसी भी प्रकार से मतदान प्रक्रिया प्रभावित होने पर माइक्रो आब्जर्वर सीधे जिला निर्वाचन अधिकारी को रिपोर्ट भेजेंगे। मतदान के दौरान कोई भी असामाजिक तत्व अशांति फैलाने की कोशिश करेगी तो उसके खिलाफ तत्काल कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा के मद्देनजर पुलिस की ओर गठित पेट्रोलिंग पार्टियां भी गश्त करेंगी। राज्य मुख्य निर्वाचन अधिकारी मनीष गर्ग ने बताया कि प्रदेश में करीब 360 क्रिटिकल मतदान केंद्र चिह्नित किए गए हैं। इन केंद्रों पर सुरक्षा व्यवस्था की जिम्मेवारी केंद्रीय बलों पर रहेगी। सभी जगह वेबकास्टिंग करवाई जाएगी।
नामांकन के दिन हिमाचल की सीमाओं पर रहेगी कड़ी चौकसी
प्रदेश में मंगलवार से नामांकन प्रक्रिया शुरू हो रही है। पर्चा दाखिल के दिन हिमाचल में केंद्रीय व प्रदेश के नेता अपने-अपने प्रत्याशियों के पक्ष में रैली करेंगे। इसको देखते हुए पुलिस विभाग ने सुरक्षा व्यवस्था कड़ी करने के निर्देश दिए हैं। इस दौरान केंद्रीय बल भी सुरक्षा की कमान संभालेंगे। उत्तराखंड, पंजाब और जम्मू के साथ लगती हिमाचल की सीमाओं पर भी कड़ा पहरा रहेगा। बॉर्डर पर सीसीटीवी कैमरों से भी निगरानी होगी। प्रदेश में अवैध शराब और नशीले पदार्थों की तस्करी न हो इसके चलते बार्डर और जिलों के बैरियर पर चौकसी बढ़ाई गई है। प्रदेश के प्रवेश द्वारों पर गाड़ियों को चेकिंग के बाद ही प्रवेश करने दिया जा रहा है। पंजाब और हरियाणा से सटे हिमाचल के बॉर्डर एरिया और बिलासपुर, कांगड़ा, ऊना, सोलन, सिरमौर और सीमांत क्षेत्रों में नाकों पर पुलिस का कड़ा पहरा है।