नोट बंदी के विरोध में विपक्षी दलों का भारत बंद आह्वान हिमाचल प्रदेश में पूरी तरह से बेअसर रहा। सोमवार को प्रदेश में रोजाना की तरह सभी व्यापारिक प्रतिष्ठान खुले। बंद के समर्थन में प्रदेश के एक भी कारोबारी ने दुकान बंद नहीं रखी।
सोलन के कुनिहार में तो दुकानदारों ने नोटबंदी के समर्थन में लोगों को चाय और लड्डू तक बांटे। कुछ जगहों पर दुकानदारों ने अतिरिक्त दो घंटे दुकानें खोली रखीं। कांग्रेस पार्टी ने नोट बंदी से आम जनता को पेश आ रही समस्याओं को लेकर राज्यपाल आचार्य देवव्रत को ज्ञापन सौंपा।
कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष सुखविंद्र सिंह सुक्खू के साथ मुख्यमंत्री वीरभद्र सिंह समेत कई मंत्री शिमला राजभवन पहुंचे। उधर, कम्यूनिस्ट पार्टी आफ इंडिया मार्क्सवादी और आम आदमी पार्टी ने प्रदेश के कई क्षेत्रों में प्रदर्शन कर विरोध जताया। सोलन में माकपा ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का पुतला फूंका।
राजधानी शिमला में भारत बंद के आह्वान पर एक भी दुकान बंद नहीं रही। कुछ होटल और रेस्तरां दोपहर तक बंद रहे। माकपा ने एजी आफिस चौक से सब्जी मंडी होते हुए उपायुक्त कार्यालय तक रैली निकाली। आम आदमी पार्टी ने उपायुक्त दफ्तर के बाहर प्रदर्शन किया।