गायकी के हुनर के चलते जिला ऊना के मुबारिकपुर क्षेत्र के नितिन ने अब हिंदी बॉलीवुड गायकी के साथ अन्य राज्यों के फोक गीत गाने में भी महारत हासिल कर ली है। बीते शनिवार को प्रसारित हुए इंडियन आइडल के कार्यक्रम में नितिन ने राजस्थानी फोक गीत गाकर न केवल कार्यक्रम में उपस्थित निर्णयक मंडल की वाहवाही लूटी, बल्कि टीवी पर लाइव देख रहे दर्शकों का दिल भी जीत लिया।
अपनी आवाज के दम पर नितिन ने इस कार्यक्रम में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। हाल ही में मुंबई से लौटे नितिन के पिता राजेंद्र बबलू और माता ने बताया कि मां स्पेशल कार्यक्रम में उन्हें विशेष रूप से इस कार्यक्रम में बुलाया गया था। इसमें नितिन का प्रदर्शन देखकर उन्हें न केवल खुशी मिली, बल्कि खुद को गौरवान्वित महसूस किया।
नितिन के पिता राजेंद्र कुमार सोशल मीडिया के जरिये लोगों से वोट की अपील भी कर रहे हैं। चिंतपूर्णी के विधायक बलबीर सिंह ने भी अपनी सोशल मीडिया साइट पर भी क्षेत्र की इस प्रतिभा को आगे बढ़ाने के लिए ज्यादा से ज्यादा वोट करने की अपील की है।