एमसी बनवाएगा छत वाला पैदल रास्ता, 25 लाख रुपये रास्ते पर किए जाएंगे खर्च
अमर उजाला ब्यूरो
शिमला। राजधानी के जाखू हनुमान मंदिर में दर्शन के लिए पैदल जाने वाले लोगों और सैलानियों को अब चकाचक पैदल रास्ते की सुविधा मिलेगी। नगर निगम मंदिर के पैदल रास्ते को कवर्ड फुटपाथ में बदलने जा रहा है।
इस प्रोजेक्ट पर 25 लाख रुपये खर्च होंगे। नगर निगम सदन की मंजूरी मिलने के बाद अब निगम प्रशासन इस प्रोजेक्ट का काम शुरू करवाने की तैयारी कर रहा है। निगम के अनुसार पैदल रास्ते में बने रेन शेल्टर से लेकर बाबा बालक नाथ मंदिर तक के पैदल रास्ते को छत वाले फुटपाथ में बदलेगा। इससे बारिश और बर्फबारी में भी लोग पैदल मंदिर के लिए आ-जा सकेंगे। रेन शेल्टर से नीचे सड़क तक के पैदल रास्ते पर कोबल स्टोन बिछाने की योजना है।
स्थानीय पार्षद अर्चना धवन ने कहा कि हर रोज सैकड़ों लोग मंदिर के लिए पैदल आवाजाही करते हैं। इनके लिए रास्ता बनाया गया है लेकिन अब इसे कवर्ड फुटपाथ बनाया जाएगा ताकि बारिश और बर्फबारी के बीच भी पैदल आवाजाही बंद न हो। जाखू जाने के लिए रोपवे और टैक्सी की भी सुविधा है लेकिन इसके बावजूद ज्यादातर लोग रिज मैदान से पैदल ही जाखू मंदिर के लिए आवाजाही करते हैं। पैदल रास्ता दुरुस्त होने से अब इन्हें सुविधा होगी। पार्षद ने कहा कि जल्द ही इसका काम शुरू करवाया जा रहा है।