हिमाचल प्रदेश क शिमला जिले में नेरवा के टिक्करी से सेब लेकर सहारनपुर जा रही एक पिकअप गाड़ी दुर्घटनाग्रस्त होकर टौंस नदी गिर गई। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि दो लोग लापता है। हादसा रविवार रात 11 बजे के करीब गुम्मा से एक किलोमीटर पहले पेश आया। गाड़ी में तीन लोग सवार थे। इसमें एक व्यक्ति का शव टौंस नदी के किनारे बरामद कर लिया है जबकि दो अन्यों की तलाश जारी है। गाड़ी नदी में गिरने के बाद गायब है।
जानकारी के अनुसार नेरवा क्षेत्र से जीप में सेब लेकर तीन लोग उत्तर प्रदेश के सराहनपुर जा रहे थे। इसी दौरान रात करीब 11 बजे गाड़ी गुम्मा के समीप पहुंची तो चालक के नियंत्रण खोने से गाड़ी टौंस नदीं में जा गिरी। प्रशासन और स्थानीय निवासी गाड़ी और लापता लोगों की तलाश कर रहे हैं। मृतक की पहचान बालक राम निवासी कोफर डाकघर टिक्करी, तहसील नेरवा के तौर पर हुई है। लापता व्यक्तियों की पहचान दीक्षित पुत्र दिलाराम गांव कोफर और दिलाराम पुत्र जटू निवासी ग्राम पंजाड़, तहसील नेरवा के तौर पर हुई है। शव का पोस्टमार्टम करवाकर परिजनों के सुपुर्द कर दिया है। नायब तहसीलदार नेरवा ने मृतक के परिवार को दस हजार रुपये की फौरी राहत प्रदान की है। डीएसपी चौपाल राजकुमार ने मामले की पुष्टि की है।
जीप से टक्कर के बाद कार दुर्घटनाग्रस्त, एक की मौत
उधर, चौपाल-शिमला मार्ग पर चौपाल से पांच किलोमीटर दूर रियूनी में रविवार दोपहर शिमला की ओर आ रही एक जीप से टकराकर दुर्घटनाग्रस्त हो गई। इससे कार 50 मीटर नीचे रिउनी खगना-मार्ग पर जा गिरी। हादसे में एक व्यक्ति की मौत हो गई है जबकि दो लोग गंभीर रूप से घायल हैं। दोनों घायलों को प्राथमिक उपचार के बाद आईजीएमसी शिमला रेफर किया गया है। मृतक की पहचान अमित शर्मा (29) पुत्र रोशनलाल शर्मा निवासी ग्राम बजरोठ, डाकघर बमटा तहसील चौपाल के रूप में हुई है। घायलों में अरुण शर्मा (31) पुत्र रोशनलाल शर्मा और अंबिका शर्मा (28) वर्ष निवासी ग्राम बजरोठ, डाकघर बमटा तहसील चौपाल शिमला शामिल है। दुर्घटनाग्रस्त कार चौपाल से शिमला जा रही थी। डीएसपी चौपाल राजकुमार ने दुर्घटना की पुष्टि की है। एसडीएम चौपाल चेत सिंह ने कहा कि मृतक के परिजनों को दस हजार और घायलों को पांच-पांच हजार रुपये फौरी राहत प्रदान की गई है। घायलों को निजी वाहनों से सिविल अस्पताल चौपाल पहुंचाया गया।
एंबुलेंस नहीं मिलने से परिजनों में रोष
प्राथमिक उपचार के बाद एक घायल अरुण कुमार को निजी वाहन से आईजीएमसी शिमला लाया गया जबकि एक अन्य घायल अंबिका शर्मा को आईजीएमसी ले जाने के लिए तीन घंटक तक एंबुलेंस नहीं मिला। घायल के परिजनों ने कहा कि चौपाल से शिमला पहुंचे के लिए तीन घंटे का समय लगता है। मगर उन्हें तीन घंटे सिविल अस्पताल चौपाल में ही एंबुलेंस का इंतजार करना पड़ा। इस वजह से वह आठ घंटे के बाद आईजीएमसी शिमला पहुंचे। प्रदेश कांग्रेस पार्टी सचिव चंद्रमोहन ठाकुर ने कहा कि उपमंडल चौपाल में स्वास्थ्य विभाग सुविधाएं उपलब्ध करवाने में नाकाम है। उन्होंने सरकार से चौपाल में विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्त करने और स्वास्थ्य सुविधाएं दुरुस्त करने की अपील की है।