मां नयना देवी जी के दरबार में माथा टेकने के लिए कतारों में खड़े श्रद्धालु।
- फोटो : BILASPUR
श्री नयनादेवी जी(बिलासपुर)। विश्वविख्यात शक्तिपीठ श्री नयनादेवी में शारदीय नवरात्र के सातवें दिन करीब 17 हजार श्रद्धालुओं ने दर्शन किए। इस दौरान सामाजिक दूरी के नियम की पालना नहीं हो पाई।
वहीं छठे नवरात्र पर चढ़ावे के रूप में 7 लाख 81 हजार 907 रुपये नकदी, सोना 54 ग्राम 100 मिलीग्राम, चांदी 1 किलो 230 ग्राम चढ़ी। मंदिर अधिकारी विजय गौतम ने बताया कि श्री नयना देवी जी में श्रद्धालुओं के लिए मंदिर प्रशासन की तरफ से पुख्ता इंतजाम किए गए हैं। पुलिस भी अपनी जिम्मेवारी का निर्वहन कर रही है। श्रद्धालुओं से कोरोना नियमों का पूरी तरह से पालन करने का आग्रह किया जा रहा है। श्रद्धालुओं की सुरक्षा के लिए मंदिर परिसर में जगह-जगह सीसीटीवी कैमरे लगाए गए हैं।
शारदीय नवरात्रों के सातवें दिन पंजाब, हरियाणा, दिल्ली और अन्य राज्यों से श्रद्धालु पहुंचे। लाइनों में लगकर दर्शन किए। नवरात्र में अब तक मंदिर न्यास को चढ़ावे के रूप में 55 लाख 4 हजार 559 रुपये नकदी, सोना 139 ग्राम 200 मिलीग्राम, चांदी 9 किलो 375 ग्राम प्राप्त हुई है।