फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

बरागटा और पठानिया ने सदन में पढ़े जयराम के कसीदे, ये है वजह

Wed, 11 Dec 2019 11:10 AM IST
Krishan Singh धर्मेंद्र पंडित, अमर उजाला, तपोवन (धर्मशाला)
विज्ञापन
- फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

मंत्री बनने की चाह में वरिष्ठ विधायकों ने विधानसभा में मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के कसीदे पढ़े। सदन शुरू होते ही जब विपक्ष के विधायक हर्षवर्धन चौहान ने नियम-67 को नियम-130 में मर्ज करने का विरोध किया तो पठानिया सीट पर खड़े होकर विपक्ष के नेता मुकेश अग्निहोत्री पर बरस पड़े। वह जयराम की ढाल बनते दिखे। उन्होंने ग्लोबल इन्वेस्टर मीट के आयोजन के मुख्यमंत्री के प्रयासों को जमकर सराहा।

विज्ञापन


बाद में चर्चा में कांग्रेस को यहां तक कह डाला - आपके पूर्व का स्यापा, आपका कलेश भाजपा की इन्वेस्टर मीट पर फोड़ा जा रहा है। गुस्साए पठानिया ने विपक्ष को खरी-खोटी सुनाने में और मुख्यमंत्री के प्रयासों की सराहना करते हुए कोई कसर नहीं छोड़ी। हालांकि, उनके बाद मुख्यमंत्री के नाम की माला जपते हुए सदन में बैठे सदस्य भी एक-दूसरे को देखकर हंसी और इशारे करते रहे।

प्रश्नकाल खत्म होने के बाद जब जुब्बल-कोटखाई के विधायक व पूर्व बागवानी मंत्री नरेंद्र बरागटा नियम 130 पर चर्चा में बोलने के लिए खड़े हुए तो उन्होंने मुख्यमंत्री को खुश करने की ऐसी भूमिका बांधी कि सदन में सब देखते रह गए। बरागटा बोले - विपक्ष को देखकर हैरान हूं, छोटे से प्रदेश को ऐसा मुख्यमंत्री मिला है जिन्होंने थोड़े से कार्यकाल में हिमाचल को विकास की ऊंचाइयों में पहुंचा दिया है।
विज्ञापन


उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर के दो साल के कार्यकाल का जश्न होने जा रहा है। इसके लिए गाजे-बाजे के साथ आऊंगा। प्रदेश की जनता सीएम को साधुवाद दे रही है। उन्होंने इन्वेस्टर मीट की तैयारियों को लेकर मुख्यमंत्री की वाहवाही करने में कोई कसर नहीं छोड़ी। उनकी ओर से की जा रही सराहना के बीच मुख्यमंत्री जयराम ठाकुर भी मुस्कराते नजर आए।

यह मालूम रहे कि हाल ही में नरेंद्र बरागटा ने जिला महासू शिमला से बड़ी संख्या मेें लोगों को ओक ओवर लाकर भी अपना शक्ति प्रदर्शन किया था और वहां भी उनकी जमकर तारीफ की थी। सीएम जयराम ठाकुर मंत्रिमंडल विस्तार पर हाल ही में भाजपा हाईकमान से चर्चा कर चुके हैं। सीएम ने पीएम नरेंद्र मोदी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अमित शाह और कार्यकारी राष्ट्रीय अध्यक्ष जगत प्रकाश नड्डा से मुलाकात की थी।

सीएम बता चुके हैं कि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष के चयन के बाद ही इस बारे में निर्णय होगा। सदन शुरू होते ही जब सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच शब्दों के तीखे प्रहार हो रहे थे तो विधानसभा अध्यक्ष विपक्ष को चुप होने की बात कह रहे थे। ऐसे में नेता प्रतिपक्ष मुकेश अग्निहोत्री ने कहा - हमें पता है, मंत्री बनने की लाइन में हैं।

विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें