हिमाचल में सस्ते राशन के डिपुओं में फरवरी से रिफाइंड के साथ सरसों का तेल देने की योजना है। अभी प्रदेश के साढ़े सोलह लाख उपभोक्ताओं को प्रति राशनकार्ड दो लीटर रिफाइंड दिया जा रहा है।
नवंबर में ही खाद्य आपूर्ति निगम ने सरसों के तेल को बंद करके रिफाइंड देना शुरू किया था। अब निगम के पास फिर से सरसों तेल देने की डिमांड आने लगी है। निगम ने बार-बार टेंडर बदलने के पचड़े से बचने के लिए एक लीटर रिफाइंड और एक लीटर सरसों का तेल देने का निर्णय लिया है।
हालांकि, इससे पहले प्रदेश सरकार ने जनता से लिखित में सुझाव मांगे हैं। प्रदेश सरकार रिफाइंड के लिए कंपनियों से तीन माह के टेंडर कर चुकी है, ऐसे में अब फरवरी माह के राशन में ही खाद्य तेल में बदलाव किया जाएगा।
खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले मंत्री जीएस बाली का कहना है कि अभी दो लीटर रिफाइंड दिया जा रहा है। उपभोक्ता रिफाइंड के साथ सरसों तेल की भी मांग कर रहे हैं। फरवरी माह से शेड्यूल बदला जा सकता है, लेकिन ये सब जनता की मांग और सुझाव पर ही निर्भर रहेगा।