हिमाचल प्रदेश के मंडी के जोगिंद्रनगर के गांव दरकोटी में शादी समारोह में दो गुटों के बीच झगड़े में एक युवक की हत्या कर दी गई। इसकी पहचान दिनेश कुमार पुत्र रमेश चंद, गांव और डाकघर त्रैम्बली, जोगिंद्रनगर के रूप में हुई है। पुलिस ने मारपीट और हत्या के तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 24 अक्तूबर देेर रात की है। सोमवार को पुलिस को रमेश कुमार, त्रैंबली ने पुलिस चौकी बस्सी में सूचना दी कि शादी समारोह में दो गुटों में झगड़ा हो गया है। इसमें चार लोग जख्मी हो गए हैं। एक युवक घटना वाली रात से गायब है। दिनेश (मृतक) शादी समारोह में शिरकत करने सुनील और राकेश के साथ गया था। यहां पर उनकी कुछ स्थानीय लोगों के साथ कहासुनी हो गई।
ये भी पढ़ें:
जुब्बल-कोटखाई उपचुनाव: मंडल उपाध्यक्ष समेत 11 और पदाधिकारी भाजपा से छह साल के लिए निष्कासित
हालांकि मामला वहीं पर शांत करवाने का प्रयास हो गया था, लेकिन स्थानीय लोगों ने बाद में सड़क पर नाकेबंदी कर दी। शादी में आई गाड़ियों को रोककर उनकी चेकिंग करने लगे। जैसे ही इन तीन युवकों की गाड़ी वहां पहुंची तो इन्होंने तीनों को गाड़ी से निकालकर उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। बताया जा रहा है कि डंडे के प्रहार से सुनील और राकेश वहीं पर बेहोश हो गए। इसके बाद उन्हें सोमवार को होश आया तो पुलिस को घटनाक्रम की जानकारी दी। परिजन पुलिस थाने में गए और मामला दर्ज करवाकर दिनेश की तलाश शुरू की।
सोमवार रात को दिनेश का शव घटनास्थल से काफी दूर खड्ड में पत्थरों के बीच से बरामद हुआ। सूचना मिलते ही घटनास्थल का निरीक्षण एफएसएल के विशेषज्ञों और पुलिस अधीक्षक मंडी ने किया। जिस युवक को मौत के घाट उतारा गया है उसकी डेढ़ वर्ष पहले ही शादी हुई थी और अढाई महिने की बेटी भी है। 27 वर्षीय दिनेश शिमला में आउटसोर्स पर नौकरी करके अपने परिवार का पालन पोषण कर रहा था। एसपी मंडी शालिनी अग्निहोत्री ने घटना की पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि पुलिस मामले की जांच कर रही है।