कुल्लू की खराहल घाटी के देवधार गांव में 33 साल के युवक ने अपने पिता की हत्या कर दी है। मामूली बहस के बाद युवक ने अपने पिता के सिर पर डंडे से वार कर दिया, जिससे उनकी मौत हो गई। पुलिस ने युवक को गिरफ्तार कर लिया है। वहीं एफएसएल टीम ने मौके पर पहुंचकर साक्ष्य जुटाए हैं।
घटना मंगलवार सुबह करीब 7:30 बजे के बीच की है। जब ज्ञान चंद (55) निवासी देवधार, डाकघर न्योली, जिला कुल्लू और उसके बेटे जगदीप ठाकुर के बीच किसी बात को लेकर बहसबाजी हो गई। इसके बाद जगदीप ने अपने पिता के सिर पर डंडे से वार कर उसे लहूलुहान कर दिया। इससे ज्ञान चंद की मौत हो गई। घटना के बाद आरोपी मौके से भी फरार हो गया था। दोनों किस बात को लेकर बहसबाजी हुई। इसका अभी तक पता नहीं चल पाया है। सूचना मिलने के बाद पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का जायजा लिया। इसके साथ ही शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भी भेजा।
एसपी डॉ. कार्तिकेयन गोकुलचंद्रन ने कहा कि पुलिस ने इस संबंध में सदर थाना कुल्लू में मामला दर्ज कर लिया है। हत्या के बाद आरोपी मौके से भाग गया था। पुलिस ने आरोपी की धरपकड़ के लिए चार टीमें बनाईं और दोपहर को आरोपी गिरफ्तार कर लिया। उन्होंने कहा कि पुलिस मृतक की पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने का भी इंतजार कर रही है।